हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के ब्रांड एंबेसडर भारत के सरदार सिंह और आस्ट्रेलिया के जैमी ड्वेयर, विश्व के सर्वाधिक मैच खेलने वाले नीदरलैंड के टून डी नूजेर, जर्मनी के दोहरे ओलंपिक स्वर्ण विजेता मोरित्ज फ्यूरसे और भारत के संदीप सिंह तथा एसवी सुनील को 16 दिसंबर को होने वाली एचआईएल की खिलाड़ियों की नीलामी के लिए आइकन खिलाड़ी घोषित किया गया है।
हॉकी इंडिया के महासचिव और एचआईएल के अध्यक्ष नरेंद्र बत्रा ने कहा, ‘हमें यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि तीन भारतीय और तीन विदेशी खिलाड़ियों को नीलामी के लिए आइकन खिलाड़ी चुना गया है। छह फ्रेंचाइजी इन आइकन खिलाड़ियों में से एक एक को चुनेगी।’
बत्रा ने कहा कि एचआईएल की नीलामी का स्वरूप ऐसा बनाया गया है कि टीमें पहले आइकन खिलाड़ियों के लिए बोली लगाएंगी और फिर बाद में अन्य खिलाड़ियों के लिए बोली लगेगी। इससे हर फ्रेंचाइजी को अपनी पसंद का आइकन खिलाड़ी चुनने का मौका मिलेगा।
उन्होंने कहा कि आइकन खिलाड़ियों के लिए बोली गुप्त रहेगी और नीलामीकर्ता सफल बोली की घोषणा करेगा। ये आइकन खिलाड़ी फिर खिलाड़ियों की नीलामी में अपनी अपनी फ्रेंचाइजी टीमों को मदद करेंगे कि उन्हें कौन से खिलाड़ी चुनने हैं। नीलामी में टेबल पर फ्रेंचाइजियों के कोच और आइकन खिलाड़ी मौजूद रहेंगे।