एफआईएच हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल्स में स्पेन ने ओलंपिक चैंपियन अर्जेंटीना को 2-1 से मात दी। भुवनेश्वर में खेले गए पूल ए के अपने तीसरे मैच में स्पेन के जोसेप रोम्यू ने आखिरी सेकंडों में पेनल्टी कार्नर पर एक करिश्माई गोल की, जिसके कारण स्पेन इस मैच को जीतने में कामयाब हुई।
विश्व रैंकिंग में 9वें नंबर की टीम स्पेन की तीन मैचों में यह दूसरी जीत है। स्पेन को इससे पहले बेल्जियम से 0-5 से हार का सामना करना पड़ा था जबकि टीम ने हॉलैंड को 3-2 से हराया था। विश्व रैंकिंग में नंबर एक अर्जेंटीना की तीन मैचों में यह दूसरी हार है। टीम ने टूर्नामेंट में एक ड्रॉ खेला है।
पढ़ें-- भारत हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल में जर्मनी से 2-0 से हारा
स्पेन और अर्जेंटीना की टीम चौथे क्वार्टर के 58वें मिनट तक 1-1 से बराबरी पर थी, लेकिन जोसेप ने 59वें मिनट के आखिरी सेंकंडों में मिले पेनल्टी कार्नर को गोल में पहुंचाकर स्पेन को 2-1 से जीत दिला दी। स्पेन के लिए पाउ क्वमेडा ने 50वें मिनट में और जोसेप ने 59वें मिनट में पेनल्टी कार्नर पर गोल किए। अर्जेंटीना के लिए एकमात्र गोल मैटियस पारेडिज ने 21वें मिनट में मैदानी गोल किया।