कनाडा और दक्षिण अफ्रीका ने पूल सी के अपने दूसरे मैच में एक-एक से ड्रॉ खेलकर नाकऑउट में पहुंचने की अपनी उम्मीदें कायम रखी हैं। दोनों टीमों के दो-दो मैचों से एक-एक अंक है। दुनिया की 11वें नंबर की टीम कनाडा को 15वीं रैंकिंग की दक्षिण अफ्रीका ने कड़ी टक्कर दी। दोनों टीमें पहले दो क्वार्टर में गोल करने में नाकाम रही।
दक्षिण अफ्रीका के विंगर नकोबली एंतुली के शानदार रिवर्स स्टिक से किए गोल से दक्षिण अफ्रीका ने मैच के 43वें मिनट में खाता खोला। उन्होंने यह बेहतरीन मैदानी गोल स्पूनर के पास पर कार्टर को छका कर किया। हालांकि टीम ज्यादा देर तक इस गोल का जश्न नहीं मना सकी। दो मिनट बाद ही कनाडा के कप्तान स्कॉट टपर ने पेनाल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया।
कनाडा के गोलरक्षक डेविड कार्टर की तारीफ करनी होगी जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका को मिले सात पेनाल्टी कॉर्नर पर कप्तान टिम ड्रमंड और अनुभवी ऑस्टिन स्मिथ के ड्रैग फ्लिक को रोक कर उसकी जीत की हसरत पूरी नहीं होने दी। दक्षिण अफ्रीका ने आखिर पांच मिनट में जीत की कोशिश में अपने गोलरक्षक को भी हटा दिया और सातवां पेनाल्टी कॉर्नर भी हासिल किया। कनाडा के गोलरक्षक ने स्मिथ के फ्लिक को रोक कर अफ्रीका को जीत से महरूम कर दिया।
पहले क्वार्टर हॉकी रहा दक्षिण अफ्रीका
दक्षिण अफ्रीका की टीम पहले क्वार्टर में हावी रही। उसके लिए विंगर स्पूनर, एंतुली और आक्रामक मिडफील्डर जूलियन हाइकस ने बराबर कनाडा के गोल पर दबाव बनाया। उसने15वें मिनट में लगातार दो पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किए लेकिन कनाडा के गोलरक्षक कार्टर ने इन्हें बेकार कर दिया। अफ्रीका ने दूसरे क्वार्टर में हमलावर तेवर जारी रखे और मैच के 20वें मिनट में एक और पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन स्मिथ के प्रयास को कॉर्टर ने फिर नाकाम कर दिया।
कनाडा को गोल करने का पहला मौका हाफ टाइम से एक मिनट पहले मिला, लेकिन जेम्स किर्र्कपैट्रिक के डी के भीतर शॉट को दक्षिण अफ्रीका के गोलरक्षक राजी पीटर्स ने रोक टीम को पिछड़ने से बचा लिया। हाफ टाइम तक कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई।
अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाकर अगले दौर में पहुंचेंगे हम
कनाडा के कप्तान स्कॉट स्नूपर ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच दोनों टीमों के लिए बहुत अहम है। इस मैच से तय होगा कि कौन टीम अगले दौर में जाएगी। हमने बेल्जियम के खिलाफ शानदार खेल दिखाया था और मुझे पूरी उम्मीद है कि हम अपना सर्वश्रेष्ठ खेल खेलकर अगले दौर में पहुंचने में सफल रहेंगे।