टाउनहाल क्लब आल इंडिया गोल्ड कप प्राइजमनी हॉकी टूर्नामेंट के दूसरे दिन चार मैच खेले गए। खेल प्रेमियों ने सभी मैचों का जमकर आनंद लिया। अच्छे खेल पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया। सांसद मिथिलेश कुमार कुछ समय के लिए खेल देखने पहुंचे।
पहला मैच स्थानीय शाहजहांपुर रेड और ब्लू टीमों के बीच खेला गया, जिसमें शाहजहांपुर रेड ने 2-0 से जीत दर्ज की। इसके बाद दूसरा मुकाबला गुड़गांव हास्टल और कोहिनूर क्लब पीलीभीत के बीच हुआ। मध्यांतर के बाद गुड़गांव के खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया और अमित ने दो गोल करके टीम को जीत दिलाने में अहम रोल निभाया।
तीसरा मैच हरिद्वार और 9-महार के बीच खेला गया। आरंभ में ही महार की खिलाड़ियों ने आक्रामक रुख अपनाते हुए प्रतिद्वंद्वी टीम पर गोल दाग दिया। यह मैदानी गोल सूरील ने किया। कुछ ही देर बाद हरिद्वार के नागेंद्र ने गोल करके स्कोर बराबर कर लिया। इसके बाद महार की ओर से एक गोल और दागा गया। इस तरह यह रोमांचक मुकाबला महार ने 2-1 से अपने नाम किया।
दूसरे दिन का अंतिम मैच 16-सिखलाई नागालैंड और यूनाईटेड क्लब रामपुर के बीच हुआ। रविवार को कम रोशनी के कारण रोके गए इस मैच को देखने के लिए भारी तादाद में दर्शक जुटे। युवाओं से सुसज्जित रामपुर की टीम ने नागालैंड को कड़ी टक्कर दी और कामरान ने पेनाल्टी कार्नर को शानदार गोल में बदल कर बढ़त हासिल की, लेकिन यह खुशी रामपुर के पास अधिक नहीं टिकी और नागालैंड खिलाड़ी ने शानदार मैदानी गोल करके स्कोर बराबर कर दिया, जो मध्यांतर तक रहा।
मध्यांतर बाद सिखलाई टीम ने रामपुर पर आक्रमण बोल कर ताबड़तोड़ दो गोल ठोक दिए और मुकाबला 3-1 से जीत लिया। इससे पूर्व सांसद मिथिलेश कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। लाल खां, राजू, अब्दुल सलीम ने रेफरी का दायित्व निभाया, जबकि टेक्निकल अंपायरिंग महफूज खां, यासूब खां और डॉ. नुसरत ने की। आयोजन में क्लब के अध्यक्ष रमेश चंद्र दीक्षित, मुंतका बेग, फैसल आदि का योगदान रहा। सचिव अच्छू खां ने बताया कि मंगलवार को दोपहर 12 बजे से मैच होंगे।