पंजाब नैशनल बैंक (पीएनबी)और पंजाब पुलिस के बीच सोमवार को यहां मेजर ध्यानचंद नैशनल स्टेडियम में 56वें सीनियर नेहरू पुरुष हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में सिर फुटव्वल और खुल कर हॉकिया भांजने के बाद अब यह फैसला किया गया है किसी भी टीम को इनामी राशि नहीं दी जाएगी।
दरअसल तीसरे क्वॉर्टर के खत्म होने से ठीक पहले दोनों टीमों के खिलाडिय़ों के बीच हल्की धक्का मुक्की के बाद दोनों ओर से हॉकियां भांजी जाने के बावजूद किसी तरह से यह फाइनल पूरी किया गया। इसमें अंतिम क्वॉर्टर में दोनों टीमों के आठ-आठ खिलाडिय़ों से मैदान पर होने के बाद यह फाइनल पंजाब नैशनल बैंक ने 6-3 से जीता।
इस फाइनल में मैदान में दरअसल मारधाड़ की शुरुआत जरूर पंजाब पुलिस के हरदीप सिंह के पंजाब नैशनल बैंक के सुमित टोपो के पांव में हॉकी फंसा कर गिराने से हुई। इस पर सुमित ने भी आवेश में हॉकी न चलाई होती तो संभवत: यह बवाल नहीं होता।
टूर्नामेंट आयोजन समिति ने फैसला किया कि पीएनबी को अब विजेता के तौर पर मिलने वालेदो लाख रुपये और उपविजेता के तौर पंजाब पुलिस को मिलने वाले एक लाख रुपये नहीं दिए जाएंगे।
नेहरू हॉकी टूर्नामेंट की प्रबंध समिति के महासचिव कुक्कू वालिया ने पंजाब पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक को पूरे मामले की बाबत सूचित करने के साथ इस घटना की विडियो क्लिपिंग भेजी और उनकी टीम पर चार वर्ष के लिए इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने पर प्रतिबंध लगाने की बाबत बताया।
नेहरू टूर्नामेंट की प्रबंध समिति के महासचिव कुक्कू वालिया ने पीएनबी के प्रबंध निदेशक (जनसंपर्क) को पूरे मामले की बाबत सूचित करने के साथ इस घटना की विडिया क्लिपिंग भेज कर उनकी टीम पर दो बरस के लिए इस टूर्नामेंट में शिरकत करने पर प्रतिबंध की बाबत भी बताया।