लंदन ओलंपिक में खेलने गई भारतीय हॉकी टीम ने भले ही शर्मसार किया हो लेकिन इस टीम के सभी खिलाड़ी हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) का हिस्सा बन गए हैं। मिड फील्डर सरदार सिंह और ड्रैग फ्लिकर संदीप सिंह समेत कुल 90 भारतीय खिलाड़ी एचआईएल से जुड़ गए हैं। इनमें 32 जूनियर खिलाड़ी भी शामिल हैं।
हॉकी इंडिया के सेक्रेटरी जनरल नरेंद्र बत्रा ने खुलासा किया कि स्टार भारतीय खिलाड़ियों ने इस लीग से जुड़ने का फैसला किया है। इनमें शिवेंद्र सिंह, एसवी सुनील, तुषार खांडेकर, रुपिंदर पाल सिंह, भरत छेत्री, श्रीजेश, गुरबाज सिंह, इगनेस टिर्की जैसे नाम शामिल हैं। इनमें 10 गोलकीपर, 14 डिफेंडर, 25 मिडफील्डर और 41 फारवर्ड शामिल हैं।
छह टीमों की इस लीग में खिलाड़ियों पर बोली लगाने का काम अगले माह से शुरू होने जा रहा है। लखनऊ, पंजाब और रांची की टीमों को उनके फ्रेंचाइजी खरीद चुके हैं। जबकि बाकी तीन टीमों की घोषणा भी जल्द कर दी जाएगी। बत्रा का कहना है कि अगले साल 2013 से शुरू होने वाली लीग को इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन ने भी वरीयता देते हुए इसके लिए स्पेशल विंडो खोली है।