लंदन ओलंपिक में मिली करारी हार के बाद के बाद हॉकी इंडिया ने राष्ट्रीय टीम के सभी खिलाड़ियों को नेशनल चैंपियनशिप में खेलने का फरमान जारी कर दिया है। 23 सितंबर से बंगलूरू में शुरू होने जा रही इस चैंपियनशिप में सरदार सिंह और संदीप सिंह जैसे खिलाड़ी हरियाणा की ओर से खिताब की रक्षा के लिए उतरेंगे। चैंपियनशिप में पिछली बार के 32 के मुकाबले इस बार 34 टीमें उतरने जा रही हैं।
राष्ट्रीय टीम के सभी खिलाड़ियों ने भी अपने राज्यों और संस्थानों की ओर से इस चैंपियनशिप में खेलने के लिए हामी भर दी है। सरदार सिंह ने 'अमर उजाला' से कहा कि ओलंपिक के बाद खिलाड़ियों का मनोबल टूटा हुआ है। इसके लिए नेशनल में खेलना जरूरी हो जाता है। फिर ओलंपिक की विफलता को दूर करना है तो आगामी चैंपियंस ट्रॉफी में बेहतर खेल दिखाना होगा। इसका सबसे बड़ा जरिया नेशनल है। इस लिए वह और संदीप अपने राज्य हरियाणा की ओर से इस चैंपियनशिप में खेलने जा रहे हैं। उनके बाकी साथी भी अपनी टीमों का प्रतिनिधत्व करने आ रहे हैं।
गत विजेता हरियाणा को महाराष्ट्र, बंगाल, पुडुचेरी और भोपाल के साथ ग्रुप ए में रखा गया है। उत्तर प्रदेश को रेलवे के साथ कठिन पूल एफ में जगह मिली है। हॉकी इंडिया की चयन समिति और सरकारी पर्यवेक्षक खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर निगाह रखने के लिए वहां मौजूद रहेंगे। यहां दिखाए गए प्रदर्शन के आधार पर ही एक से नौ दिसंबर को मेलबर्न में होने वाली चैंपियंस ट्राफी और एशियाई चैंपियंस ट्राफी की तैयारियों के लिए लगाए जाने वाले कैंप के संभाव्यों का चयन किया जाएगा।