युवा ओलंपिक की रजत पदक विजेता टीम की सदस्या रही सलीमा टेटे और लालरेमसियामी को बंगलूरू में शुक्रवार से शुरू होने वाले राष्ट्रीय महिला हॉकी शिविर के लिए 33 सदस्यीय संभावित टीम में शामिल किया गया है।
इस शिविर का आयोजन भारतीय टीम के 24 जनवरी से शुरू होने वाले स्पेन दौरे से पहले किया जाएगा। मुख्य कोच शुएर्ड मराइन ने कहा,‘हम इस 20 दिन के शिविर में सही फिटनेस स्तर हासिल करने पर ध्यान देंगे। इसके अलावा हम जो नई चीजें अपने खेल में शामिल करना चाहते हैं उनका भी अभ्यास करेंगे।’
हॉकी इंडिया ने गोलकीपरों में सविता, रजनी इतिमारपु और सोनल मिंज को जबकि रक्षकों में दीप ग्रेस एक्का, सुनीता लाकड़ा, सुशीला चानू, गुरजीत कौर, रश्मिता मिंज, सुमन देवी, महिमा चौधरी, निशा और सलीमा टेटे को शामिल किया।
मध्यपंक्ति में निक्की प्रधान, मोनिका, लिलिमा मिंज, नमिता टोप्पो, नेहा गोयल, उदिता, ज्योति, अनुजा सिंह, श्यामा, सोनिका, करिश्मा यादव। अग्रिम पंक्ति में रानी, लालरेमसियामी, नवनीत कौर, नवजोत कौर, राजविंदर कौर, वंदना कटारिया, अनूपा बरला, प्रियंका, रीना खोखर, लीलावति को जगह दी है।