अनुभवी मिडफील्डर रितु रानी को आठवें एशिया कप में 18 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की कमान सौंपी गई है।
महिला एशिया कप मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में 21 से 27 सितंबर तक खेला जाएगा।
रितू रानी को 157 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का अनुभव है, जबकि टीम की उपकप्तान चुनी गई चंचन देवी थोकचोम ने 88 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।
हॉकी इंडिया के चयनकर्ता बीपी गोविंदा, सुरिंदर कौर, ममता खरब, चीफ कोच नील हॉगवुड और कोच आईएस गिल ने भारतीय टीम का चयन किया।
टूर्नामेंट में भारत, चीन, मेजबान मलेशिया, हांगकांग की टीमें पूल ए में शामिल हैं, जबकि पूल बी में कोरिया, जापान, कजाखिस्तान और चीनी ताइपे है।
टूर्नामेंट जीतने वाली टीम अगले साल हालैंड के हेग शहर में होने वाले एफआईएच महिला वर्ल्ड कप (31 मई-14 जून तक) के लिए क्वालीफाई करेगी।
भारतीय हॉकी टीम 16 सितंबर को मलेशिया रवाना होगी।
घोषित भारतीय हॉकी टीम-
गोलकीपर : रजनी एतिमारपु, सविता।
डिफेंडर : दीप ग्रासे एक्का, जयदीप कौर, किरणदीप कौर, सुनिता लाकरा, दीपिका, नमिता टोप्पो, पी सुशीला चानू, एमएन पोनम्मा।
मिडफील्डर : रितु रानी (कप्तान), चनचन देवी थोकचोम (उप-कप्तान), सौंदर्या येनदाला, लिलि चानू।
फारवर्ड : पूनम रानी, रानी, वंदना कटारिया, अनुराधा देवी थाकचोम।
स्टैंडबाई : सनरिक चानू, असुनता लाकरा, मोनिका मलिक, नवजोत कौर, लिलिमा मिंज, अनुपा बारला।