गोलकीपर अमनदीप सिंह की शानदार गोलकीपिंग के दम पर पंजाब ने यूपी को पेनाल्टी शूटआउट में 5-4 से हराकर आईएचएफ फेडरेशन कप हॉकी पर कब्जा जमा लिया है।
शिवाजी स्टेडियम पर खेले गए फाइनल में निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 गोल की बराबरी पर थीं। पहला हॉफ यूपी के दबदबे के बावजूद गोल रहित रहा।
हालांकि दूसरे हॉफ में पंजाब ने पलटवार करते हुए पेनाल्टी स्ट्रोक अर्जित किया, लेकिन वरुण कुमार ने इसे बेकार कर दिया। उनका निशाना गोल पोस्ट पर टकरा गया।
दो मिनट बाद ही 48वें मिनट में यूपी को दूसरा पेनाल्टी कार्नर मिला। भारतीय टीम की कप्तानी कर चुके अनुभवी ड्रैग फ्लिकर दिवाकर राम ने कोई गलती नहीं करते हुए इसे गोल में बदल यूपीकर को बढ़त दिला दी। लेकिन 52वें मिनट में मैन ऑफ द मैच राजिन कांडुलना डी के टॉप से रिवर्स फ्लिक पर गोलकर मुकाबला 1-1 की बराबरी पर ला दिया।
पेनाल्टी शूट आउट में अमनदीप ने प्रतिनेर सिंह व सरबजीत सिंह के कोशिश बेकार कर पंजाब को खिताबी जीत दिला दी। दिवाकर राम को मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने टीमों को पुरस्कार वितरित किए।