भारतीय हॉकी टीम के कप्तान पी. आर. श्रीजेश ने जवानों के बलिदान को सबसे बड़ा त्याग बताते हुए कहा है कि मलेशिया में होने वाली एशियन चैंपियन्स ट्रॉफी में उनकी टीम पाकिस्तान को हराने के लिए पूरी जान लगा देगी। उड़ी आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच के संबंध बेहद तल्ख हो गए हैं। देश में इस बात का दबाव बन रहा है कि पाकिस्तान के साथ सभी तरह के रिश्तें खत्म कर दिए जाएं। ऐसे में दोनों देशों के बीच किसी भी तह के द्विपक्षीय मुकाबले की संभावना फिलहाल खत्म हो गई है।
भारत के कप्तान श्रीजेश ने कहा कि भारत और पाकिस्तान मैच में काफी रोमांचक होते हैं। हम अपनी तरफ से 100 पर्सेंट देंगे। हम हारकर अपने सैनिकों को निराश नहीं करना चाहते, विशेषकर तब जबकि वे सीमा पर गोलीबारी में अपनी जान गंवाते हैं। अगले महीने मलेशिया में होने वाले एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में 23 अक्टूबर को भारत पाकिस्तान से भिडे़गा।