पाकिस्तान हॉकी टीम को इस साल भारत में होने वाली पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) में हिस्सा लेने के लिए अभी तक अपनी सरकार से मंजूरी नहीं मिली है। पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) ने बुधवार को यह जानकारी दी। एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन 27 अक्तूबर से पांच नवंबर तक पंजाब के मोहाली और जालंधर में किया जाएगा।
पीएचएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के उस दावे का खंडन किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में भाग लेने की पुष्टि कर दी है। अधिकारी ने कहा कि फिलहाल दोनों देशों में किसी भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए टीम भेजने से पहले सरकार की मंजूरी अनिवार्य है। यह नियम बहु-टीम प्रतियोगिताओं पर भी लागू होता है।