पाकिस्तान की पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच ताहिर जमान ने चयन प्रक्रिया में दखल के आरोप लगाते हुए ढाका दौरे पर जाने से इनकार कर दिया है। पाकिस्तान हॉकी टीम रविवार को तीन मैचों की सीरीज के लिए बांग्लादेश रवाना हुई, लेकिन इस बार उसके साथ उसका हेड कोच नहीं गया। सूत्रों के मुताबिक, ताहिर ने टीम में एक खिलाड़ी की अंतिम समय पर चयन का विरोध किया था। इस विवाद के चलते उन्होंने दौरे से खुद को अलग कर लिया।
PHF ने दी सफाई, 'मामला जल्द सुलझ जाएगा'
पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) के सचिव राणा मुजाहिद ने इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए कहा कि यह मामला जल्द ही सुलझ जाएगा। उन्होंने कहा, 'ताहिर का मानना है कि जो खिलाड़ी प्रशिक्षण शिविर में देर से पहुंचे, उन्हें राष्ट्रीय टीम में शामिल नहीं किया जाना चाहिए।' राणा ने बताया कि राना वहीद और हम्माद अंजुम जैसे खिलाड़ी विदेशी लीग के अनुबंधों के कारण शिविर में देर से शामिल हुए थे, और कोच उनके चयन से नाखुश थे।
ढाका में खेली जाएगी अहम सीरीज
अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) ने पाकिस्तान के लिए ढाका में तीन मैचों की यह सीरीज़ आयोजित की है ताकि टीम को हॉकी विश्वकप क्वालिफायर में जगह बनाने का मौका मिले।
यह सीरीज इसलिए भी अहम है क्योंकि पाकिस्तान ने इस साल भारत में हुए एशिया कप में टीम नहीं भेजी थी, जो विश्वकप क्वालिफायर के तौर पर खेला गया था।
'अंतिम निर्णय मेरा होना चाहिए'
ताहिर जमान के करीबी सूत्रों के मुताबिक, पूर्व ओलंपियन का मानना है कि जब तक खिलाड़ियों को यह अहसास नहीं होगा कि टीम के अंतिम निर्णय का अधिकार कोच के पास है, तब तक प्रदर्शन में सुधार नहीं हो सकता। वहीं पीएचएफ का कहना है कि कई खिलाड़ियों की देरी “अनिवार्य कारणों” से हुई थी और उनके ऊपर नकद जुर्माना लगाने का फैसला लिया गया है।
नई जिम्मेदारी टीम मैनेजर के पास
पीएचएफ सचिव राणा मुजाहिद ने बताया कि बांग्लादेश दौरे पर अब टीम की जिम्मेदारी टीम मैनेजर मोहम्मद उस्मान संभालेंगे, जो अस्थायी तौर पर हेड कोच की भूमिका भी निभाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर ताहिर जमान के साथ मतभेद नहीं सुलझे, तो फेडरेशन विदेशी कोच की नियुक्ति पर विचार करेगा।