आखिरकार पाकिस्तानी जूनियर हॉकी टीम को भारत में जाकर खेलने की अनुमति शरीफ सरकार से मिल ही गई। पाक सरकार ने पाकिस्तान हॉकी संघ (पीएचएफ) से कहा है कि वह लखनऊ में अगले महीने से होने वाले एफआईएच जूनियर हॉकी विश्वकप के लिए अपनी टीम भेज सकता है।
पीएचएफ ने इजाजत की पुष्टि करते हुए बताया कि वह टीम भेजने की तैयारी में जुट गया है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में यह टूर्नामेंट आठ से 18 दिसंबर तक खेला जाएगा।
पाकिस्तानी हॉकी संघ के अधिकारियों ने कहा, ‘हम अब तक सरकार की ओर से एनओसी मिलने का इंतजार कर रहे थे, ताकि अगले महीने भारत में होने वाले जूनियर विश्वकप के लिए अपनी टीम को उतार सकें। यह टूर्नामेंट पाकिस्तान हॉकी के लिए जरूरी है।’ संघ के मुताबिक दोनों देशों के बीच मौजूदा संबंध तनावपूर्ण हैं इसलिए उसे इस बात की चिंता थी कि पता नहीं भारत में टीम भेजने की अनुमति मिलेगी या नहीं।
पीएचएफ ने जूनियर टीम के लिए लाहौर में अभ्यास शिविर भी आयोजित किया है, ताकि वह विश्वकप की तैयारियों को मजबूत कर सके। पीएचएफ के लिए एक और खुशखबरी यह है कि पाक सरकार ने उसे 20 लाख रुपये का चेक विशेष ग्रांट के तहत दिया है।