ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के निजी सचिव और आईएएस वी कार्तिकेयन पांडियन को शनिवार को एफआईएच प्रेसिडेंट्स अवार्ड से सम्मानित किया गया। उन्हें यह पुरस्कार एफआईएच की 47वीं कांग्रेस के दौरान मिला। हॉकी इंडिया ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी।
ओडिशा ने किया चुनौती का सामना
बता दें कि एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2017 का आयोजन झारखंड के रांची में होने वाला था लेकिन अंत समय में झारखंड ने आयोजन से पल्ला झाड़ लिया। इसके बाद भुवनेश्वर को इस चैंपियनशिप की मेजबानी के लिए चुना गया। ओडिशा ने चुनौती का सामना किया और 90 दिनों के अंदर इस कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया। पूरे एशिया से 1300 से अधिक एथलीटों और अधिकारियों ने भाग लिया और पहली बार भारत पदक तालिका में शीर्ष राष्ट्र के रूप में उभरा। ओडिशा ने एक बड़ा जोखिम उठाया क्योंकि यह आयोजन जुलाई में बारिश के मौसम में होना था। तमाम बाधाओं के बावजूद 2000 बैच के ओडिशा कैडर के आईएएस अधिकारी वी. कार्तिकेयन पांडियन को विश्वास था कि राज्य इस कार्यक्रम को समय पर पूरा कर सकता है।