टॉम क्रेग, जैक व्हिटन, टिम ब्रैंड और टॉम क्रेग जैसे ऑस्ट्रेलिया के स्ट्राइकरों ने दोनों छोर से हमलों का ऐसा जोरदार तांता बांधा कि चीन की मजबूत 'दीवार' भी हॉकी विश्व कप के पूल बी मैच में ताश के पत्तों की तरह ढह गई।
पहले ही क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी ऑस्ट्रेलिया ने गोलों की बारिश करते हुए चीन को यहां कलिंगा स्टेडियम में 11-0 से रौंद दिया। पिछली चैंपियन टीम ने लगातार तीसरी जीत के साथ पूल बी में कुल 9 अंक लेकर शीर्ष स्थान हासिल किया। यह विश्व कप के इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी जीत है।
विश्व कप में सबसे ज्यादा गोल का रिकॉर्ड भी ऑस्ट्रेलिया ने ही दिल्ली में 2010 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका को 12-0 से हराकर बनाया था। चीन की टीम बड़े अंतर से हारने के बावजूद तीन मैचों से दो अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहकर क्रॉसओवर में पहुंच गई।
ब्लैक गोवर्स की हैट्रिक : ऑस्ट्रेलिया के लिए ड्रैग फ्लिकर ब्लैक गोवर्स (10वें,19 वें और 34 वें मिनट) ने तीन, स्ट्राइकर टिम ब्रैंड (33वें व 55 वें मिनट) ने दो और एरन जेलवस्की (15),टॉम क्रेग (16), जेरमी हेवर्ड (22) जैक व्हिटन (29), डायलान वेदरस्पून (38) तथा लाइन ओगिलवी (49) ने एक-एक गोल किया।