टूर्नामेंट का दूसरा मैच पूल बी में कोरिया और चीनी ताइपे को बीच खेला गया। कोरिया की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए चीनी ताइपे को 7-0 से रौंद दिया। मैच के चारों क्वार्टर में कोरिया की टीम ने ताइपे पर दबाव बनाकर रखा। हालांकि, पहला क्वार्टर गोलरहित बराबरी पर खत्म हुआ। इस दौरान कोरिया की टीम ने गोल करने के कई मौके पर बनाए, पर सफलता नहीं मिली।
दूसरे क्वार्टर में कोरिया की टीम ने लगातार हमले जारी रखे और तीन गोल दाग दिए। इसी तरह, तीसरे क्वार्टर में तीन गोल दागकर टीम की बढ़त 6-0 कर दी। अंतिम क्वार्टर में कोरिया की टीम ने एक गोल दागकर स्कोर 7-0 कर दिया। कोरिया की ओर से डेन सोन ने तीन, जिहुन यांग ने दो और यून्हू कांग व सेयोंग हो ने एक-एक गोल दागा। मैच में कोरिया की टीम को 10 पेनाल्टी कॉर्नर मिले। इनमें से दो मौकों पर टीम मौका भुनाने में सफल रही। वहीं, चीनी ताइपे को मात्र एक पेनाल्टी कॉर्नर मिला।
मलयेशिया ने बांग्लादेश को 4-1 से हराया
राजगीर के अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में शुक्रवार को हीरो एशिया कप 2025 की शुरुआत हुई। पहले मुकाबले में मलयेशिया ने बांग्लादेश को 4-1 से शिकस्त दी। पहले क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। चौथे मिनट में बांग्लादेश को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन उसे गोल में तब्दील नहीं किया जा सका। दूसरे क्वार्टर के 16वें मिनट में बांग्लादेश के इस्लाम अशरफुल ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि, 23वें मिनट में मलयेशिया के हामसानी अशरन ने गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। हाफ टाइम तक मुकाबला 1-1 की बराबरी पर रहा। तीसरे क्वार्टर के 35वें मिनट में मलयेशिया के अनुअर अकीमुल्लाह ने गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद 45वें मिनट पर अबुदु राउफ मुजाहिर ने तीसरा गोल कर बढ़त को और मजबूत किया।
चौथे क्वार्टर में बांग्लादेश ने लगातार पेनल्टी कॉर्नर के मौके बनाए, लेकिन उन्हें गोल में तब्दील नहीं कर सका। इसी बीच मलयेशिया के चोलन सैयद ने अंतिम क्वार्टर में चौथा गोल दागकर जीत पक्की कर दी। पूरे मैच में बांग्लादेश को कई मौके मिले लेकिन मलयेशियाई डिफेंस और गोलकीपर ने उन्हें नाकाम कर दिया। अंततः मुकाबला 4-1 के स्कोर के साथ मलयेशिया के नाम रहा।