अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ ने एफआईएच प्रो लीग के दूसरे सत्र को और आगे बढ़ा दिया है और अब यह मैच जुलाई-अगस्त में कराए जा सकते हैं। एफआईएच पहले भी प्रो लीग को दो बार निलंबित कर चुका है। एफआईएच ने 15 अप्रैल से पहले होने वाले सारे मैच स्थगित कर दिए थे और बाद में निलंबन 17 मई तक बढ़ा दिया।
एफआईएच सीईओ थियरे वेल ने कहा, ‘कोरोना के कारण उत्पन्न स्थिति को देखते हुए एफआईएच और सभी प्रतिभागी राष्ट्रीय संघों ने प्रो लीग के बाकी मैच जुलाई-अगस्त में कराने का फैसला किया है। इस समय वर्तमान कार्यक्रम के सारे मैच आगामी सूचना तक रोक दिए गए हैं।’ वेल ने कहा कि दुनिया की अर्थव्यवस्था पर भी इस महामारी का असर पड़ेगा। हम भी वित्त प्रबंधन और बजट नियोजन के दौरान इसे ध्यान में रखेंगे।