पूनम रानी और लिली चानू के दूसरे हाफ में सात मिनट के अंतराल में दागे गए गोलों की बदौलत भारत ने मेजबान मलेशिया को 2-0 से हराकर आठवें महिला एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
भारत की ग्रुप ए के तीन मैचों में यह दूसरी जीत रही। उसने हांगकांग को 13-0 से रौंदा था जबकि गत चैंपियन चीन से उसे 0-1 से हार का सामना करना पड़ा था।
पहला हाफ गोलरहित रहने के बाद पूनम रानी ने 39वें मिनट में भारत को बढ़त दिलाई जबकि लिली चानू ने 46वें मिनट में दूसरा गोल दागा।
भारत दूसरी जीत के साथ ग्रुप में खिताब के प्रबल दावेदार चीन के बाद दूसरे स्थान पर रहा। भारत का सेमीफाइनल में ग्रुप बी की चोटी की टीम कोरिया के साथ मुकाबला होगा जबकि चीन दूसरे सेमीफाइनल में ग्रुप बी की दूसरे नंबर की टीम जापान से भिड़ेगा।
दोनों सेमीफाइनल बृहस्पतिवार को खेले जाएंगे। भारत को अगले वर्ष हालैंड के हेग में होने वाले वर्ल्ड कप में अपनी उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए मलयेशिया से हर हाल में जीत हासिल करनी थी।
भारतीय खिलाड़ियों ने ‘करो या मरो’ के इस मुकाबले में निराश नहीं किया और आसानी से सेमीफाइनल में स्थान बना लिया।
दिन के अन्य मैचों में चीन ने हांगकांग को 7-0 से रौंदकर ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया जबकि ग्रुप बी में जापान ने कजाकिस्तान को 12-0 से और कोरिया ने चीनी ताइपे को 16-2 के बडे़ अंतर से पीटा।
टूर्नामेंट की विजेता टीम को अगले वर्ष होने वाले वर्ल्ड कप का टिकट मिलेगा।