भारतीय महिला हॉकी टीम का एफआईएच वर्ल्ड लीग राउंड तीन टूर्नामेंट में हार का सिलसिला बदस्तूर जारी रहा और उसे बृहस्पतिवार को जापान के हाथों 0-4 की करारी शिकस्त झेलनी पड़ी।
महिला टीम को क्वार्टर फाइनल में मेजबान हालैंड ने 8-1 से रौंदा था। इससे पहले दो लीग मैचों में भारतीय टीम सात, सात गोलों से पिटी थी।
भारतीय टीम से उम्मीद थी कि वह कम से कम पांचवें, छठे स्थान की होड़ में बनी रह पाएगी लेकिन जापान ने उसकी यह उम्मीदें भी तोड़ दी। जापान अब पांचवें स्थान के लिए खेलेगा जबकि भारतीय टीम आठ टीमों के टूर्नामेंट में आखिरी स्थान पर आने से बचने की कोशिश करेगी।
जापान ने पूरे मैच में बेहतरीन खेल दिखाया। अयाका निशिमूरा ने मैच के दूसरे मिनट में ही जापान को बढ़त दिला दी। ओत्सूका ने आधे समय से पहले जापान का दूसरा और फिर दूसरे हाफ में अपना दूसरा और टीम का तीसरा गोल दाग दिया। यूरी नगई ने मैच समाप्ति से 15 मिनट पहले जापान का चौथा गोल दागा।