भारतीय महिला हाकी टीम ने अपना अजेय अभियान जारी रखते हुए सोमवार को स्कॉटलैंड के खिलाफ जीत दर्ज की। चार देशों के अंडर-21 टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने स्कॉटलैंड को 2-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाने में सफलता पाई।
मुमताज खान (36वें मिनट) और गगनदीप कौर (51वें मिनट) ने भारत की तरफ से गोल किए। वहीं स्कॉटलैंड की तरफ मार्गेरी जस्टिस ने 50वें मिनट में गोल दागा।
भारत ने शुरू से ही मैच में दबदबा बनाए रखा लेकिन पहले दो क्वार्टर में कोई गोल नहीं कर पाया। उसने तीसरे और चौथे क्वार्टर में एक एक गोल किया।
अब मंगलवार को होने वाले फाइनल में भारतीय टीम कनाडा या आयरलैंड में से किसी से भिड़ेगी।