रानी रामपाल की अगुआई वाली भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को विश्व कप की उपविजेता आयरलैंड पर 3-0 से उलटफेर भरी जीत दर्ज की। इसके साथ ही भारतीय टीम ने अपने स्पेन दौरे का शानदार अंत किया।
पहले मैच में एक-एक ड्रॉ खेलने वाली भारतीय टीम ने दूसरे और अंतिम मैत्री मैच में आयरलैंड को कोई मौका नहीं दिया। भारतीय टीम के लिए नवजोत कौर (13वें मिनट), रीना खोखर (26वें मिनट) और गुरजीत कौर (53वें मिनट) ने एक-एक गोल किया। भारतीय टीम ने शुरू से लेकर अंत तक आयरिश टीम पर दबदबा बनाए रखा।
नवजोत ने पहला क्वार्टर खत्म होेने से दो मिनट पहले ही शानदार गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। दूसरे क्वार्टर में आयरलैंड ने वापसी के लिए पूरा जोर लगा दिया। इस दौरान उसने एक पेनाल्टी कॉर्नर भी हासिल किया, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने उसे नाकाम कर दिया।
दीप ग्रेस एक्का से मिले पास पर रीना ने प्रतिद्वंद्वी गोलकीपर को चकमा देते हुए गोलकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। तीसरे क्वार्टर में कोई गोल नहीं हुआ। चौथे क्वार्टर में एक बार फिर भारतीय खिलाड़ियों ने गोल कर बढ़त 3-0 कर दी जोकि अंत तक कायम रही। यह गोल इस दौरे पर सर्वाधिक गोल करने वाली गुरजीत कौर ने पेनाल्टी कॉर्नर पर किया।