भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम तीन देशों के टूर्नामेंट में अपने अभियान का आगाज बुधवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ करेगी। इन दोनों टीमों के अलावा टूर्नामेंट की तीसरी टीम मेजबान ऑस्ट्रेलिया है। कोच बलजीत सिंह सैनी की टीम अगले साल जापान में एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप भी खेलेगी।
सैनी ने कहा, ‘हमारा लक्ष्य अगले साल एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप में अच्छा प्रदर्शन करना है। यह टीम काफी समय से साथ खेल रही है और ऑस्ट्रेलिया में दो बड़ी टीमों के खिलाफ इसे खुद को आजमाने का मौका मिलेगा। हमारी खिलाड़ियों में प्रतिभा की कमी नहीं है और इनमें से कुछ तो सीनियर टीम के लिए भी खेल चुकी हैं। मुझे पहले मैच का बेताबी से इंतजार है। हमने काफी समय से न्यूजीलैंड से नहीं खेला है। उम्मीद है कि सारे मैच अच्छे होंगे।’ भारत को पांच दिसंबर को ऑस्ट्रेलिया से, सात को न्यूजीलैंड से और आठ को फिर मेजबान से खेलना है।