भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को दक्षिण कोरिया के खिलाफ द्वीपक्षीय सीरीज में खेला गया मैच 1-1 से ड्रॉ कर सीरीज पर कब्जा कर लिया है। इसी के साथ टीम इंडिया ने पांच मैचों की इस सीरीज पर 3-1 से कब्जा कर लिया है। कोरिया के खिलाफ पांचवें और अंतिम मैच में भारत की वंदना कटारिया (48वें मिनट में) ने एकमात्र गोल किया, वहीं मेजबान टीम की तरफ से बोमी किम (50वें मिनट में) ने गोल किया।
इस मैच में कोरिया के पास जीत हासिल कर सीरीज ड्रॉ पर खत्म करने का एक मौका था। पहले तीन क्वार्टर में दोनों ही टीमों ने गोल करने की हर संभव कोशिश की, लेकिन किसी को सफलता हाथ नहीं लगी। चौथे क्वार्टर में खेल में और तेजी देखने को मिली। वंदना ने कप्तान रानी से मिले पास को कोरिया के गोल पोस्ट तक पहुंचाया और भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी।
हालांकि दक्षिण कोरिया ने मेहमान टीम की इस बढ़त को ज्यादा देर तक नहीं रहने दिया। दक्षिण कोरिया की बोमी किम (50 मिनट) ने दो मिनट बाद बराबरी गोल दाग दिया। अंतिम 10 मिनट में दोनों टीमें विजयी गोल करने के लिए धावा बोलती रहीं, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। मैच बराबरी पर समाप्त हो गया।