एशियन चैंपियनशिप ट्रॉफी में यहां आज भारतीय हॉकी टीम का मुकाबला चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा। भारत द्वारा पीओके में सर्जिकल स्ट्राइक किए जाने के बाद यह दोनों देशों की हॉकी टीमों के बीच पहला बड़ा मुकाबला होगा। हालांकि इससे भारत की अंडर 19 टीम ने बांग्लादेश में हुए एशिया कप में पाकिस्तानी टीम को मात दे चुकी है।
पाकिस्तानी हॉकी टीम के कोच ख्वाजा जुनैद के मुताबिक देनों देशों के बीच का मुकाबला किसी शोपीस मैच से कम नहीं होगा। जुनैद के मुताबिक भारत-पाक के बीच का मुकाबला हमेशा से ही भावनाओं का खेल रहा है और इस बार उनकी टीम आक्रामक हॉकी का बेहतरीन नमूना पेश करेगी। पाक टीम के कोच के मुताबिक उनकी टीम काफी अनुभवी है जिसमें कई युवा खिलाड़ी हैं।
गौरतलब है कि पिछले एंटवर्प में हुए वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल के बाद पाकिस्तान ने देश के बाहर जहां केवल सुल्तान अजलान शाह कप में भाग लिया है, वहीं भारतीय टीम ने हाल के दिनों में काफी ज्यादा अंतरराष्ट्रीय अनुभव हासिल किया है। जबकि तब से अब तक भारतीय टीम ने 200 से अधिक मैच खेले हैं। अपने अनुभव के दम पर ही भारतीय टीम ने अपनी रैंकिंग में सुधार किया है।
मलेशिया के हाथों 2-4 से मिली शिकस्त के बाद पाक टीम दक्षिण कोरिया को 1-0 से हराकर उत्साहित है। हालांकि भारतीय कप्तान पीआर श्रीजेश ने पाकिस्तान को परास्त करने की रणनीति तैयार कर ली है ओर अपने खिलाड़ियों को शांत चित्त रहने को कहा है।
भारत ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में अपने अभियान की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में जापान को 10-2 से की। लेकिन शनिवार को कोरिया के साथ खेले गए दूसरे मैच में भारत 1-1 की बराबरी कर सका। वहीं पाकिस्तान ने अपने पहले मैच में कोरिया को 1-0 के अंतर से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की है।
चैंपियंस ट्रॉफी में भाग लेने आने से पहले भारत के कप्तान पीआर श्रीजेश ने कहा था कि उनकी टीम चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान को मात देने के लिए जी जान लगा देगी। पाकिस्तान को हराकर ही वो उड़ी के शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे।
भारत ने पाकिस्तान को हराकर 2011 में एशियन चैँपियंस ट्राफी का खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद 2012 में पाकिस्तान ने खिताब पर कब्जा कर लिया। जापान को हराकर 2013 में भी पाक ने खिताब अपने पास बरकरार रखा, जबकि भारतीय टीम पांचवें स्थान पर रही।