सोमवार से नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में शुरू हो रहे हॉकी वर्ल्ड लीग राउंड दो के पहले मुकाबले में भारत का मुकाबला कमजोर आंकी जा रही फिजी से होगा। भारत विश्व रैंकिंग में 11वें स्थान पर है जबकि फिजी की रैंकिंग 71वीं है।
ऐसे में स्टार मिडफील्डर सरदार सिंह की अगुवाई वाली भारतीय टीम का इस मुकाबले में पलड़ा भारी माना जा रहा है। सोमवार को ही चीन और ओमान तथा आयरलैंड और बांग्लादेश के बीच मुकाबला होगा। भारत का अगला मुकाबला 20 फरवरी को ओमान से, 21 फरवरी को आयरलैंड से, 23 फरवरी को चीन से और 24 फरवरी को बांग्लादेश से होना है।
भारतीय टीम के अधिकतर खिलाड़ी हाल में हुए हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) में खेलने के बाद नए उत्साह और जोश से भरे हुए हैं। भारतीय टीम में सरदार सिंह के अलावा उपकप्तान और स्टार ड्रैग फ्लिकर वीआर रघुनाथ, एसवी सुनील और दानिश मुज्तबा जैसे अनुभवी खिलाड़ी हैं।
टीम के गोलकीपर पीआर श्रीजेश भी 66 मैचों के साथ खासा अनुभव रखते हैं। हालांकि युवा खिलाड़ी मनदीप सिंह, मलक सिंह और गुरजिंदर सिंह अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने उतरेंगे। इन तीनों ने एचआईएल में अपने बेहतरीन प्रदर्शन से भारतीय टीम में जगह बनाई है।
महिला टीम कजाखस्तान से भिड़ेगी
पुरुषों के साथ ही महिलाओं का मुकाबला भी सोमवार से मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में शुरू होगा जहां भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत कजाखस्तान के खिलाफ करेगी। टूर्नामेंट की छह टीमों में भारत 12वीं रैंकिंग के साथ दूसरे नंबर की टीम है। जापान नौवीं रैंकिंग के साथ चोटी की टीम है।
भारत के लिए टूर्नामेंट में सबसे बड़ी चुनौती जापान की रहेगी। सोमवार को ही अन्य मुकाबलों में रूस और मलयेशिया तथा जापान और फिजी की टीमें भिड़ेंगी। भारतीय टीम फरवरी 2012 में इसी मैदान पर लंदन ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने से चूक गई थी लेकिन इस बार उसकी नजरें इस टूर्नामेंट से वर्ल्ड हॉकी लीग के अगले दौर में जाने के लिए एकमात्र स्थान को हासिल करने पर लगी होंगी।