टीम इंडिया का सुल्तान अजलान शाह कप हॉकी टूर्नामेंट के दूसरे मैच में भी निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा। रविवार को मलेशिया के इपोह में टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबला 1-1 से ड्रॉ खेला।
टीम इंडिया ने 14वें मिनट में शैलानंद लाकरा के गोल की बदौलत 1-0 की बढ़त बना ली थी। इस गोल की भूमिका ऐसी रही कि रमनदीप सिंह ने राइट से क्रॉस करते हुए तलविंदर सिंह को पास दिया, जिन्होंने पहले गोल के लिए शॉट मारा। हालांकि, इंग्लैंड के गोलकीपर ने इसे रोक लिया। मगर लाकरा ने रिबाउंड पर गोल दागते हुए टीम इंडिया को 1-0 की बढ़त दिलाई।
टीम इंडिया ने चौथे क्वार्टर तक 1-0 की बढ़त बनाए रखी और टूर्नामेंट में उसकी पहली जीत की उम्मीद नजर आई। इस दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने गोल करने के कई मौके भी गंवाए।
बहरहाल, चौथे क्वार्टर में इंग्लैंड को पेनल्टी स्ट्रोक मिला। टीम इंडिया ने इस फैसले के खिलाफ आपत्ति भी दिखाई। मगर उनकी इस अपील को खारिज किया गया। मार्क ग्लेगहॉर्न ने फिर राइट से भारतीय गोलकीपर कृषण पठान को भेदते हुए गोल दागा और स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
इस ड्रॉ से दोनों टीमों को 1-1 अंक मिला है। टीम इंडिया का अब अगला मुकाबला मंगलवार को वर्ल्ड नंबर-1 ऑस्ट्रेलिया से होगा।