जर्सी का रंग बदलना कोई नई बात नहीं: हॉकी इंडिया
हॉकी इंडिया ने यह भी साफ किया कि राष्ट्रीय टीम की जर्सी में बदलाव कोई अभूतपूर्व फैसला नहीं है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर तकनीकी जरूरतों और अन्य आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए भारतीय टीम की जर्सी के रंग में बदलाव किया जाता रहा है। हॉकी इंडिया ने अपने पुराने उदाहरण भी दिए और बताया कि इससे पहले भी विश्व कप में भारतीय टीम अलग-अलग रंग की जर्सी पहन चुकी है।
हॉकी इंडिया ने कहा, 'उदाहरण के तौर पर 2014 एफआईएच हॉकी विश्व कप के दौरान भारतीय टीम की जर्सी का रंग पीला किया गया था। वहीं 2018 एफआईएच हॉकी विश्व कप में टीम ने पूरी तरह नए डिजाइन के साथ स्काई ब्लू (हल्के नीले) रंग की जर्सी पहनी थी।' हॉकी इंडिया ने यह भी स्पष्ट किया कि इस बार केसरिया रंग चुनने के पीछे केवल प्रतीकात्मक सोच ही नहीं, बल्कि तकनीकी कारण भी हैं।
हॉकी इंडिया ने बताई नई जर्सी की खासियत
हॉकी इंडिया के मुताबिक नई जर्सी सिर्फ रंग बदलने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें भारतीय संस्कृति की झलक भी दिखाई गई है। जर्सी पर मंडला से प्रेरित डिजाइन बनाए गए हैं, जबकि गहरे नीले रंग का इस्तेमाल अशोक चक्र से प्रेरित होकर किया गया है, जो प्रगति, शांति और एकाग्रता का प्रतीक है। सीने पर बना आधुनिक सुदर्शन चक्र शक्ति, एकता और निरंतर आगे बढ़ने के संदेश को दर्शाता है। वहीं कंधों और किनारों पर तिरंगे की पट्टी तथा सामने देवनागरी लिपि में लिखा 'भारत' इसकी खास पहचान है। टीम के किट में केसरिया के अलावा इसी डिजाइन वाली सफेद जर्सी भी शामिल होगी।
कौन हैं वीरेन रासक्विन्हा?
- वीरेन रासक्विन्हा की आपत्ति इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि वह भारतीय हॉकी के सबसे सम्मानित पूर्व खिलाड़ियों और कप्तानों में शामिल रहे हैं।
- वह 2001 में जूनियर हॉकी विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे और बाद में सीनियर पुरुष टीम की कप्तानी भी संभाली।
- रासक्विन्हा ने 2004 एथेंस ओलंपिक, 2006 पुरुष हॉकी विश्व कप और कई चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व किया। वह अपने दौर के बेहतरीन मिडफील्डरों में शुमार रहे हैं।