भारतीय टीम ने महिला हॉकी वर्ल्ड लीग राउंड-2 के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारत ने सेमीफाइनल में बेलारूस को 4-0 से हराकर दमदार जीत दर्ज की और फाइनल में जगह बनाई। भारतीय महिला टीम फाइनल मुकाबले में चिली से भिड़ेगी। चिली ने दूसरे सेमीफाइनल में उरुग्वे को 2-1 से पराजित कर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।
सेमीफाइनल में मिली जीत के साथ ही भारत ने महिला हॉकी वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल में भी स्थान पक्का कर लिया है जो इस साल जून-जुलाई में आयोजित होगा। यह एफआईएच महिला विश्वकप-2018 के लिए क्वालीफायर होगा।
सेमीफाइनल में भारतीय टीम शुरुआत से ही आक्रामक नजर आई। भारत को पहला पेनाल्टी कॉर्नर 13वें मिनट में मिला जिसे गुरजीत कौर ने गोल में तब्दील कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। कप्तान रानी ने पेनाल्टी स्ट्रॉक पर 20वें मिनट में और 40वें मिनट में मैदानी गोल से स्कोर 3-0 किया। गुरजीत ने टीम का चौथा गोल पेनाल्टी स्ट्रॉक पर 58वें मिनट में दागा। बेलारूस को चौथे, नौवें, 42वें और 49वें मिनट में जरूर पेनाल्टी कॉर्नर मिले लेकिन भारतीय डिफेंस के सामने बेलारूस टीम कमजोर नजर आई।
कप्तान रानी ने मैच के बाद कहा, ‘हम इस जीत से खासा उत्साहित और खुश हैं। हमारी डिफेंस काफी मजबूत रही और हम एक मजबूत टीम की तरह खेले। मैं काफी खुश हूं कि पेनाल्टी कॉर्नर के मौके हमने गंवाए नहीं। हमारा लक्ष्य फाइनल में पहुंचना था और अब चिली के खिलाफ मुकाबले में हमें बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है।’