भारतीय हॉकी टीम ने बुधवार को एफआईएच विश्व कप में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 5-3 से हराकर मुकाबला अपने नाम किया। हालांकि, इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में जीत के बावजूद कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने टीम के डिफेंस को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने साफ कहा कि टूर्नामेंट के अहम चरण में पहुंचने के बाद रक्षापंक्ति में छोटी-सी गलती भी भारी पड़ सकती है। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ अपनी पिछले एक दशक से चली आ रही जीत की लय को बरकरार रखा। कप्तान हरमनप्रीत ने इस मुकाबले में भी आगे बढ़कर नेतृत्व किया और पेनल्टी कॉर्नर पर दो गोल दागे।
'डिफेंस में गलती की कोई गुंजाइश नही'
मैच के बाद हरमनप्रीत ने कहा कि आक्रमण में कुछ मौके गंवाना स्वीकार किया जा सकता है, लेकिन डिफेंस में गलतियां नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा, 'आगे कुछ मौके गंवाना ठीक है, लेकिन हम पीछे कोई गलती नहीं कर सकते। अगर हम 25 मीटर के इलाके में गेंद जीत रहे हैं तो हमें उस पर कब्जा बनाए रखना होगा। हम कुछ ऐसी छोटी गलतियां कर रहे हैं, जिन्हें आसानी से टाला जा सकता है।'
भारतीय कप्तान ने तीसरे क्वार्टर में टीम की धीमी शुरुआत को भी चिंता का विषय बताया। उन्होंने कहा कि पिछले दो मुकाबलों में इस समस्या पर चर्चा की गई थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ भी टीम ने वही गलती दोहरा दी। उन्होंने आगे कहा, 'हमने पिछले दो मैचों में बात की थी कि तीसरे क्वार्टर में धीमी शुरुआत से बचना है, लेकिन आज हमने फिर वही गलती की। यह हमारे लिए अगले मैच से पहले अच्छी सीख है।'
आक्रमण और गेंद पर नियंत्रण से खुश कप्तान
कमियों के बावजूद हरमनप्रीत भारतीय टीम के कुल प्रदर्शन से काफी संतुष्ट नजर आए। उन्होंने सर्कल एंट्री, गेंद पर कब्जे, पासिंग और बनाए गए मौकों को टीम के लिए सकारात्मक पहलू बताया। उन्होंने कहा, 'अगर आप हमारी सर्कल एंट्री, गेंद पर कब्जा, बनाए गए मौके और पासिंग देखें तो यह सब उम्मीद के मुताबिक रहा। मैं टीम के प्रदर्शन से बहुत खुश हूं।'
क्रेग फुल्टन भी टीम के प्रदर्शन से खुश
मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने भी पाकिस्तान के खिलाफ टीम के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुकाबला बड़ा और दबाव वाला था, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी रणनीति पर भरोसा बनाए रखा। फुल्टन ने कहा, 'यह बड़ा मुकाबला और बड़ा मौका था। हर कोई अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश कर रहा था। मुझे खुशी है कि हम अपनी योजना पर कायम रहे। टीम ने जिस तरह से खेला, उससे मैं खुश हूं।'
अभिषेक बोले- पाकिस्तान की वापसी से नहीं घबराए
भारत की ओर से दो गोल करने वाले अभिषेक ने कहा कि पाकिस्तान की वापसी के दौरान भारतीय टीम में किसी तरह की घबराहट नहीं थी। खिलाड़ियों को पता था कि उन्हें पूरे मुकाबले में एकाग्र रहना होगा। उन्होंने कहा, 'कोई घबराहट नहीं थी। हमने अपनी योजना के मुताबिक खेला और उसमें सफल रहे। हमें पता था कि किसी भी समय हम लापरवाह नहीं हो सकते।'
पाकिस्तान ने मानी अपनी गलतियां
पाकिस्तान के सुफियान खान ने भारत के खिलाफ हार के बाद अपनी टीम की गलतियों को हार की बड़ी वजह माना। उन्होंने कहा कि भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ ऐसी गलतियों की कीमत चुकानी पड़ती है। सुफियान ने कहा, 'हमने कई गलतियां कीं और हमें इस पर कड़ी मेहनत करनी होगी। भारत बहुत अच्छी टीम है। उम्मीद है कि हम इससे सीखेंगे और अगले महीने होने वाले एशियाई खेलों में और मजबूत होकर वापसी करेंगे।' भारत अब विश्व कप के अगले चरण में शीर्ष टीमों के खिलाफ चुनौती के लिए तैयार होगा, जहां डिफेंस में मजबूती और पूरे मैच के दौरान निरंतर प्रदर्शन उसकी सफलता के लिए बेहद अहम होगा।