फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत की अग्रिम पंक्ति को रोकना बड़ी चुनौती : शेन

Fri, 30 Nov 2018 05:06 AM IST
सत्येन्द्र पाल सिंह, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
indian hockey
विज्ञापन

दुनिया की पांचवें नंबर की टीम भारत और विश्व रैंकिंग में उससे दो पायदान उपर ओलंपिक रजत पदक विजेता बेल्जियम के बीच रविवार को हॉकी विश्व कप में पूल सी का मैच कई लिहाज से अहम होगा। दोनों टीमों के बीच जो टीम जीतेगी उसका पूल में र्शीर्ष पर रहकर सीधे क्वार्टर फाइनल में स्थान पक्का हो जाएगा और क्रॉसओवर से बच जाएगी। दोनों टीमों के खिलाड़ियों में तो जीत की जद्दोजहद रहेगी ही मैदान से बाहर दो 'दोस्त' भारत के कोच हरेन्द्र सिंह और बेल्जियम के कोच शेन मैकलियोड की रणनीति की बिसात भी कसौटी पर होगी।

विज्ञापन


बेल्जियम के चीफ कोच शेन मैकलियोड ने 'अमर उजाला' से भारत के खिलाफ इस मैच की बाबत खुल कर बात की। मैकलियॉड ने कहा, 'हमने और मेजबान भारत ने इस विश्व कप में जीत के साथ आगाज किया। किसी भी बड़े टूर्नामेंट में पहले मैच को लेकर खुद को संयत रख कर खेलने की बड़ी चुनौती होती है। मेरा मानना है कि प्रतिभा सम्पन्न भारतीय टीम के खिलाफ रविवार को हमारा मैच बेहद रोमांचक रहने वाला है। जो भी टीम यह मैच जीतेगी उसका पूल में शीर्ष स्थान पर रहना लगभग पक्का हो जाएगा। पूल में शीर्ष पर रहने वाली टीम सीधे क्वार्टर फाइनल में पहुंच जाएगी। मुझे पूरा विश्वास है कि भारत और बेल्जियम की टीमें क्वार्टर फाइनल में जरूर पहुंचेंगी। फिर चाहे ये दोनों टीमें पूल में शीर्ष पर रहकर यह मुकाम पाए या फिर क्रॉसओवर में जीत के साथ। दोनों टीमें ही पूल में शीर्ष पर रहने के मकसद को पाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंकने और अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगी।'
तेज रफ्तार हॉकी भारत की पहचान 

उन्होंने कहा, 'भारत के खिलाफ मैच में चुनौती खासी मुश्किल है। भारत की टीम बेसिक्स पर काबिज रहकर बेहद तेज रफ्तार हॉकी खेलती है। ऐसे में मजबूत भारत से पार पाने के लिए हमें वाकई बेहतरीन हॉकी खेलनी होगी। भारत की ताकत आकाशदीप सिंह, मनदीप, सिमरनजीत और ललित उपाध्याय की मौजूदगी में उसकी मजबूत अग्रिम पंक्ति है। साथ ही मेजबान टीम के पास पेनाल्टी कॉर्नर पर हरमनप्रीत और वरुण कुमार के रूप में खतरनाक ड्रैग फ्लिकर हैं। हमारे लिए भारत की तेज अग्रिम पंक्ति और उसके ड्रैग फ्लिकर के हमलों को रोकना बड़ी चुनौती होगा। भारत के गोलरक्षक पीआर श्रीजेश का खेल भी पिछले चार पांच साल में बहुत बेहतर हुआ और वह दुनिया के शीर्ष गोलरक्षक के रूप में अपनी जगह बनाने में कामयाब हुए हैं। भारत को अपने घर में खेलने का लाभ मिलेगा। टीम का खेल कहीं जरा सा भी ढीला पड़ा तो फिर भारत का 12वां खिलाड़ी (दर्शक) उसकी हौसलाअफजाई कर उसमें जोश भर देगा।'
विज्ञापन


ऑलराउंडर बून और गुगनार्ड हमारी ताकत : मैकलियाड 
मैकलियाड कहते हैं,  'हमारी बेल्जियम टीम की ताकत हमारे टॉम बून, साइमन गुगनार्ड, ऑर्थर वॉन डोरेन जैसे अपने दम मैच जिताने का दम रखने वाले 'ऑलराउंडर' हैं। ये सभी टीम की जरूरत के मुताबिक अग्रिम पंक्ति और मध्यपंक्ति में किसी भी वक्त खेल सकते हैं। मुझे उम्मीद है कि ये सभी भारत के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाएंगे। मैं अपनी टीम के कनाडा के खिलाफ पहले मैच में जीत के साथ आगाज करने से खुश हूं। कनाडा के खिलाफ हमने दूसरे हाफ में जो कई बेवकूफाना गलतियां कीं हमें भारत के खिलाफ जीत के लिए इन गलतियों से बचना होगा।

कोच के रूप में परिपक्व हुए हैं हरेन्द्र
वह बताते हैं, 'मैं और हरेन्द्र फ्रांस में बहुत पहले एक ही क्लब से हॉकी खेले हैं। बतौर कोच हरेन्द्र कई विदेशी प्रशिक्षकों के सानिध्य में बहुत परिपक्व हुए हैं। हरेन्द्र को मैं मौजूदा दौर के बेहतरीन कोच में से एक मानता हूं। हॉकी में रणनीति की बिसात को बिछाना हरेन्द्र सिंह को खूब आता है।'

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें