अनुभवी स्ट्राइकर टॉम बून और कप्तान थॉमस ब्रील्स के परस्पर बेहतरीन तालमेल वाले खेल और रक्षापंक्ति की दीवार साबित हुए बैक ऑर्थर वान डॉरेन की मुस्तैदी की बदौलत दुनिया की तीसरे नंबर की टीम बेल्जियम ने अपने से चार पायदान नीचे इंग्लैड को हॉकी विश्व कप के बेहद एकतरफा सेमीफाइनल में 6-0 से करारी शिकस्त दी।
बेल्जियम ने इस जीत के साथ पहली बार फाइनल में स्थान बना कर इतिहास रच दिया। मैन ऑफ द मैच टॉम बून ने बेल्जियम का खाता खोलने के अलावा उसे चार पेनल्टी कॉर्नर दिलाने में अहम रोल निभाया। बेल्जियम के लिए गोलरक्षक पर डॉरेन ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गेंद को गोलरेखा से ठीक पहले रोक कर इंग्लैंड की मैच में वापसी की उम्मीद पर पानी फेर दिया। विजेता बेल्जियम के लिए अलेक्जेंडर हैंड्रिक्स ने पेनाल्टी कॉर्नर पर दो तथा साइमन गुगनाडन, टॉम बून, सैड्रिक चार्लियर और सेबेस्तियन डॉकियर ने एक-एक गोल किया। बेल्जियम ने चार में तीन पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदला वहीं इंग्लैंड टीम चार में से एक को भी गोल में नहीं बदल पाई।
टॉम बून ने सैड्रिक चार्लियर से मिली गेंद पर मैच के आठवें मिनट में गोल कर बेल्जियम का खाता खोला। साइमन गुगनार्ड ने दूसरे क्वार्टर के चौथे मिनट में पहले पेनल्टी कॉर्नर पर गोलरक्षक जार्ज पिनार के पैड से लगकर लौटती गेंद को गोल में डालकर बेल्जियम को 2-0 से आगे कर दिया। सैड्रिक चार्लियर अकेले ही डी में घुसकर तीसरे क्वार्टर के खत्म होने से तीन पहले बढ़िया मैदानी गोल कर बेल्जियम की बढ़त 3-0 कर दी। अलेक्जेंडर हैंड्रिक्स ने दो पेनाल्टी कॉर्नर पर लगातार गोल कर और सेबेस्तियन डॉकियर ने बेहतरीन मैदानी गोल से बेल्जियम को आधा दर्जन गोल से जीत दिलाई।
04: में से तीन पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदला बेल्जियम ने
02: गोल किए बेल्जियम के अलेक्जेंडर हैंड्रिक्स ने