दुनिया की तीसरे नंबर की टीम बेल्जियम की निगाह इंग्लैंड को मात देकर पहली बार खिताबी मुकाबले में जगह बनाने पर होगी। बेल्जियम पहली बार तो इंग्लैंड चौथी बार सेमीफाइनल खेलेगा। दोनों ही टीमें यूरोप की टोटल हॉकी में यकीन करती हैं। इंग्लैंड को यहां तक पहुंचाने में उसके सबसे अनुभवी स्ट्राइकर बैरी मिडलटन का रोल अहम रहा है।
अपना चौथा और आखिरी विश्व कप खेल रहे मिडलटन की हसरत टीम को विश्व विजेता बनाकर विश्व कप से विदाई लेने का होगा। इसके लिए वह हर हाल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर टीम को बेल्जियम पर विजय दिलाकर फाइनल में पहुंचाना चाहेंगे। लियाम सैनफर्ड, लियाम एंसल, विल कैलनन और जेस गाल की कोशिश मिडलटन के बनाए अभियानों पर बेल्जियम के किले को बिखेर कर टीम को जल्द बढ़त दिलाने की होगी।
हालांकि बेल्जियम के गोलरक्षक विसेंट वनाश की मौजूदगी में ऐसा करना आसान नहीं होगा। इंग्लैंड के डेविड एस अैर फिर रोपर लंबे फ्लिक से गेंद को करीब 50 मीटर दूर तक फेंकने की क्षमता के कारण बेल्जियम के लिए खतरा सकते हैं।
इंग्लैंड बनाम बेल्जियम, शाम 4.45 बजे से
ऑस्ट्रेलिया बनाम नीदरलैंड , शाम 7.00 बजे से