भारत के लिए ओडिशा में सीनियर पुरुष हॉकी विश्व कप में खेल चुके यंग स्ट्राइकर दिलप्रीत सिंह हॉकी इंडिया द्वारा सोमवार से बेंगलुरू में शुरू हो रहे आगामी भारतीय जूनियर पुरुष राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए चुने 33 कोर ग्रुप के संभावितों में शामिल हैं। 12 नवंबर, 1999 को जन्में दिलप्रीत भारत की बीते बरस ब्रेडा में चैंपियंस ट्रॉफी में रजत पदक, एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में स्वर्ण और जकार्ता में एशियाई खेलों में कांसा जीतने वाली टीम के अहम सदस्य रह चुके हैं।
कोर ग्रुप के इन खिलाडियों कप्तान मिडफील्डर विवेक सागर प्रसाद को छोड़ कर बीते बरस अक्टूबर में ब्यूनर्स आयर्स में यूथ ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली टीम के तीनों स्ट्राइकर सुदीप कुमार चिरिमाको, राहुल कुमार राजभर तथा शिवम आनंद,दोनों गोलरक्षक प्रशांत कुमार चौहान और पवन, मध्य पंक्ति के खिलाड़ी मनिंदर सिंह और रबिचंद्र सिंह मोइरंगथम तथा रक्षापंक्ति के खिलाड़ी संजय सहित आठ खिलाडिय़ों को जगह दी गई है।
भारतीय जूनियर पुरुष राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए चुने 33 कोर ग्रुप के संभावितों का तीन हफ्ते का शिविर इस सोमवार से शुरू होकर 4 जून तक चलेगा। इस शिविर में फोकस फिटनेस और 10 जून से मैड्रिड में शुरू होने वाले आठ देशों के टूर्नामेंट के लिए भारतीय जूनियर टीम के लिए सही संयोजन तलाशने पर रहेगा। मैड्रिड में होने वाले आठ देशों के टूर्नामेंट में मेजबान स्पेन, भारत, बेल्जियम, जर्मनी, ब्रिटेन, अर्जेंटीना, ऑस्ट्रिया और नीदरलैंड की जूनियर हॉकी टीमें खिताब के लिए होड़ में होंगी।
हॉकी इंडिया के हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर डेविड जॉन ने कहा, 'स्पेन में होने वाला यह टूर्नामेंट भारत के लिए खासा प्रतिस्पद्र्धी होगा। भारत के जूनियर कोर ग्रुप के खिलाडिय़ों के लिए यह शिविर सेट-प्ले को बेहतर करने के लिए अहम होगा। साथ ही इस शिविर में फुर्ती, दमखम और रफ्तार बेहतर करने पर रहेगा। इस शिविर में प्रशिक्षक खिलाडिय़ों के खेल पर नजदीकी निगाह रखेंगे और यह देखेंगे कि वे दबाव में कैसा प्रदर्शन करते हैं।'
जूनियर यर पुरुष राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए चुने गए कोर ग्रुप के 33 संभावित खिलाड़ी हैं : गोलरक्षक : पवन, प्रशांत कुमार चौहान, साहिल कुमार नायक। रक्षापंक्ति : सुमन बैक, प्रताप लाकड़ा, संजय,सुंदरम सिंह राजावत, मनदीप मोर, परमजीत सिंह, दीनाचंद्र सिंह मोइरंगम, नबीन कुमार, शारदा नंद तिवारी, नीरज कुमार वरीबम। मध्यपंक्ति : सुखमन सिंह, ग्रेगरी जेस, अंकित पाल, आकाशदीप सिंह, विष्णु कांत सिंह, गोपी कुमार सोनकर, विशाल अंतिल, सूर्या एनएम, मनिंदर सिंह, रबिचंद्र सिंह मोइरंगथम । अग्रिम पंक्ति : दिलप्रीत सिंह, शिवम आनंद, सुदीप चिरिमाको, राहुल कुमार राजभर, उत्तम सिंह, एस. कार्ति, अरिजीत सिंह हुंदल, अमनदीप सिंह, प्रभजोत सिंह, अर्षदीप सिंह।