छह वर्षों से बंद पड़ी हॉकी इंडिया लीग अगले वर्ष की शुरुआत में होने की उम्मीद है। हॉकी इंडिया ने लीग के लिए व्यवसायिक और विपणन साझीदारों की घोषणा कर दी है। आर्थिक कारणों के कारण लीग 2017 में बंद हो गई थी, लेकिन अब हॉकी इंडिया लीग को शुरू करने के लिए नए साझीदारों को जोड़ने में जुटी है।
हॉकी इंडिया के सूत्रों का कहना है कि हम जल्द से जल्द लीग शुरू करना चाहते हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) के अगले वर्ष फरवरी तक लीग के लिए खाली समय नहीं है। तब तक हमारे पास लीग शुरू कराने के लिए काफी समय है। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की का कहना है कि उन्हें आज काफी राहत महसूस हो रही है, क्योंकि हॉकी इंडिया लीग शुरू कराना उनकी उच्च प्राथमिकता में है।
अगले साल मार्च के महीन में यह लीग हो सकती है, क्योंकि फरवरी तक समय नहीं है। मार्च में भी समय नहीं मिलने पर आने वाले महीनों में इसका आयोजन किया जा सकता है। यह लीग 2013 में शुरु हुई थी और इसके अब तक पांच सीजन हुए हैं। रांची की टीम दो बार खिताब जीत चुकी है। हालांकि, 2013 में पहला सीजन जीतने वाली टीम रांची रिन्होज अब लीग से हट चुकी है और 2015 में रांची रेज ने खिताब जीता था। 2014 में दिल्ली, 2016 में पंजाब और 2017 में कलिंगा की टीम ने खिताब अपने नाम किया।