आस्ट्रेलिया में एक से नौ दिसंबर तक होने वाली एफआईएच चैंपियंस ट्रॉफी में शीर्ष कोचों और खिलाड़ियों की व्यस्तता के कारण हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) की खिलाड़ियों की नीलामी एक पखवाड़े आगे खिसकाकर 16 दिसंबर कर दी गई है। ऐसे में अब लीग की शुरुआत अगले साल 17 जनवरी से होगी।
हॉकी इंडिया के महासचिव और हॉकी इंडिया लीग के अध्यक्ष नरेंद्र बत्रा ने कहा, ‘एचआईएल की संचालन परिषद ने नीलामी को आगे खिसकाकर16 दिसंबर करने का फैसला किया है। लीग अब 17 जनवरी को शुरू होकर 17 फरवरी को समाप्त होगी। यह फैसला हमने हॉकी के हित में लिया है क्योंकि कुछ फ्रेंचाइजी हॉकी के लिए नई हैं और उन्होंने जिन कोचों से अनुबंध किया है वे मेलबर्न में चैंपियंस ट्रॉफी के साथ बंधे हुए हैं। ये अधिकारी दिसंबर के शुरू में होने वाली नीलामी में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।’