पाकिस्तान के खिलाड़ियों के भारत के खिलाफ शनिवार को सेमीफाइनल जीतने के जोश में मर्यादा लांघने के बाद मेजबान टीम के दर्शक रविवार को चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी फाइनल में पूरी तरह जर्मनी के साथ दिखे। सही मायनों में कलिंगा स्टेडियम में करीब सात हजार दर्शक जर्मनी के हर अभियान पर क्रिस्टोफर रूइर, फ्लोरियन फुश्च और मार्टिन ज्वीकर की हौसला आफजाई कर रहे थे। जर्मनी ने भी अपने भारतीय समर्थकों को निराश नहीं किया और दसवीं बार दुनिया की चैंपियन टीमों की जंग में खिताब जीत कर खुद को असली चैंपियन साबित किया।
जर्मनी के यंग स्ट्राइकर क्रिस्टोफर रूईर और अनुभवी डिफेंडर कप्तान मरकज वीज की जोड़ी ने रंग जमा दिया। रूईर ने दोनों छोर से हमले बोलकर यह दर्शाया कि जोश के साथ होश का मेल हो जाए तो टीम कोई भी इम्तिहान पास कर सकती है। जर्मनी ने दूसरे और आखिरी क्वार्टर में बेहतरीन मैदानी गोल कर पाकिस्तान को फाइनल में यहां रविवार को 2-0 से हराकर खिताब जीत लिया। जर्मनी की ओर से क्रिस्टोफर वेस्ली और फ्लोरियन फुश्च ने एक-एक गोल किया। जैसे ही फाइनल में आखिरी सीटी बजी तो साउंड सिस्टम पर माहौल के मिजाज के मुताबिक यह गीत गूंज उठा 'अभी तो पार्टी शुरू हुई है।'
जर्मनी पूरे तीन क्वार्टर में हावी रही। पाकिस्तान की टीम जर्मनी के खिलाफ एकदम बेदम नजर आई। पहले और दूसरे क्वार्टर में तो पाकिस्तान की टीम जर्मनी के गोल पर एक भी हमला नहीं बोल पाई। जोनास गोमोल ने दूसरे क्वार्टर के शुरू में बाएं से गेंद संभाल कर डी के ठीक ऊपर क्रिस्टोफर वेसले की ओर गेंद बढ़ाई। इस पर वेसले ने तेज शॉट जमा गोल कर जर्मनी को 1-0 से आगे कर दिया। खेल खत्म होने से तीन मिनट पहले फुश्च ने पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद इरफान और मोहम्मद इमरान को चकमा दे जोरदार वॉली जमा गोल कर जर्मनी की जीत निश्चित कर दी।