भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम की कप्तान सुमन देवी थोडाम ने बृहस्पतिवार को कहा कि कोरोना महामारी और उसकी वजह से लगे लॉकडाउन से उनकी विश्व कप 2021 के लिए क्वालीफाई करने की संभावनाओं को झटका लगा है।
भारतीय टीम को छह अप्रैल से जापान में होने वाले 2020 महिला जूनियर एशिया कप के जरिए एफआईएच जूनियर महिला विश्व कप 2021 में जगह बनाने की उम्मीद थी। लेकिन कोरोना महामारी के कारण जूनियर एशिया कप रद्द कर दिया गया।
सुमन ने कहा, ‘हम मार्च के पहले सप्ताह से राष्ट्रीय कोचिंग शिविर में थे और हम जूनियर एशिया कप में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध थे और हमें उम्मीद थी कि हम दक्षिण अफ्रीका में होने वाले एफआईएच जूनियर विश्व कप 2021 के लिए सीधे क्वालीफाई कर जाते। लेकिन कोविड-19 और उसके बाद लॉकडाउन ने हमारी तैयारियों में रुकावट डाल दी।’
उन्होंने कहा, ‘टीम के रूप में हम बहुत अच्छी तरह से तैयार थे और पिछले साल हमने अच्छा प्रदर्शन किया था। हम जापान में जूनियर एशिया कप में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए आश्वस्त थी।'