न्यूजीलैंड के डीन कजिंस और एंड्रयू हेवर्ड मौजूदा हॉकी इंडिया लीग की दिल्ली वेवराइडर्स टीम में पाकिस्तानी खिलाड़ियों मोहम्मद रिजवान सीनियर और मोहम्मद रिजवान जूनियर की जगह लेंगे। टीम से जुड़े सूत्र ने यह जानकारी दी। कजिंस और हेवर्ड दोनों डिफेंडर हैं और इन्होंने क्रमशः 260 और 137 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।
एचआईएल के पहले टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले ही करारा झटका लगा था जब इस महीने की शुरुआत में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना के भारतीय सैनिकों की निर्मम हत्या के बाद विरोध को देखते हुए हॉकी इंडिया को इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे नौ पाकिस्तानी खिलाड़ियों को वापस भेजने को बाध्य होना पड़ा था।
लीग में पाकिस्तान के फरीद अहमद, इमरान बट, महमूद राशिद और मोहम्मद तौसीक (सभी मुंबई मैजीशियंस), मोहम्मद इरफान और शफकत रसूल (रांची राइनोज) और काशिफ शाह (जेपी पंजाब वारियर्स) को हिस्सा लेना था लेकिन इन सभी को एक भी मैच खेलने बिना स्वदेश लौटना पड़ा।