भारतीय टीम के पूर्व डिफेंडर बीरेंद्र लाकड़ा को भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम का सहायक कोच नियुक्त किया गया है। हॉकी टीम ने इस साल के अंत में होने वाले जूनियर विश्व कप से पहले लाकड़ा को यह जिम्मेदारी सौंपी है। लाकड़ा टीम के पूर्व साथी और जूनियर टीम के मुख्य कोच पीआर श्रीजेश के साथ काम करेंगे।
टोक्यो ओलंपिक पदक विजेता टीम का रहे हिस्सा
लाकड़ा ने 2010 में भारत के लिए पदार्पण किया और देश के सबसे विश्वसनीय डिफेंडरों में से एक बन कर उभरे। उन्होंने दो ओलंपिक खेलों लंदन 2012 और टोक्यो 2020 में भारत का प्रतिनिधित्व किया। टोक्यो में भारत ने ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता था। वह इसके साथ ही एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाली टीमों का हिस्सा रहे हैं। भारतीय टीम 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक चेन्नई और मदुरै में होने वाले जूनियर पुरुष विश्व कप के लिए तैयार कर रही है और उम्मीद है कि लाकड़ा टीम की रक्षापंक्ति को मजबूत करने के अलावा खेल के अन्य पहलुओं पर भी काम करेंगे।
'श्रीजेश के साथ काम करना रोमांचक चुनौती'
लाकड़ा ने कहा, ऐसे महत्वपूर्ण समय में भारतीय जूनियर पुरुष टीम का हिस्सा बनना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है। मुझे पता है कि भारत की जर्सी पहनने के लिए क्या करना पड़ता है। मैं अब अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों को बड़े मंच के लिए तैयार करने में मदद करने के लिए उत्सुक हूं। श्रीजेश जैसे दिग्गज के साथ काम करना एक रोमांचक चुनौती है। वह टीम के साथी और प्रेरणास्रोत रहे हैं। हम आने वाले टूर्नामेंटों, खासकर इस साल के अंत में होने वाले सबसे महत्वपूर्ण जूनियर विश्व कप के लिए एक बेखौफ और अच्छी तरह से तैयार टीम बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
श्रीजेश ने कहा, बीरेंद्र का हमारे साथ जुड़ना एक बड़ा कदम है। वह अनुभव, रणनीतिक समझ और धैर्य का खजाना लेकर आए हैं। ये गुण इन युवा खिलाड़ियों के लिए अमूल्य होगा। हमने मैदान पर एक साथ कई मैच खेले हैं। मुझे विश्वास है कि हम कोच के रूप में इस नए अध्याय में समान तालमेल और प्रतिबद्धता लाएंगे। हम एक ऐसी टीम तैयार करना चाहते हैं जो देश को गौरवान्वित कर सके।