हॉकी पुरुष एशिया कप में बांग्लादेश की टीम पाकिस्तान की जगह ले सकती है। यह टूर्नामेंट 29 अगस्त से बिहार के राजगीर में होना है और अगर पाकिस्तान ने अगले कुछ दिनों में इसमें भाग लेने की पुष्टि नहीं की तो बांग्लादेश को उसकी जगह शामिल किया जाएगा। भारत सरकार पहले ही कह चुकी है कि वह एशिया कप के लिए पाकिस्तानी खिलाड़ियों को वीजा देगी, लेकिन पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर यात्रा करने से मना कर दिया है।
अगले दो दिन में स्थिति होगी स्पष्ट
आयोजकों ने आठ टीमों के टूर्नामेंट में पाकिस्तान की जगह भरने के लिए बांग्लादेश से संपर्क किया है, लेकिन हॉकी इंडिया ने कहा कि अगले 48 घंटों में वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। हॉकी इंडिया के अधिकारी ने कहा, भारत सरकार पहले ही कह चुकी है कि वह पाकिस्तानी खिलाड़ियों को वीजा देने को तैयार है, लेकिन अगर वे भारत नहीं आना चाहते तो यह हमारी समस्या नहीं है। अगर पाकिस्तान नहीं आता है तो बांग्लादेश को पहले ही भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जा चुका है, लेकिन हमें पुष्टि के लिए दो दिन और इंतजार करना होगा। न तो पाकिस्तान और ना ही बांग्लादेश ने अभी तक हमें इसकी पुष्टि की है। लेकिन बांग्लादेश पाकिस्तान की जगह ले सकता है।
ये टीमें एशिया कप में लेंगी हिस्सा
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत के साथ सैन्य टकराव के बाद एशिया कप में पाकिस्तान की भागीदारी अनिश्चित हो गई थी। एशिया कप 2026 में होने वाले विश्व कप के लिए क्वालिफाइंग टूर्नामेंट भी है। मेजबान भारत के अलावा, एशिया कप में भाग लेने वाली अन्य टीमें चीन, जापान, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, ओमान और चीनी ताइपे हैं।