ऑस्ट्रेलिया के जेसन कोंरेथ भारतीय हॉकी टीम के नए ट्रेनर होंगे, जो हमवतन डेविड जॉन की जगह लेंगे। लंदन ओलंपिक में भारत के खराब प्रदर्शन के बाद जॉन ऑस्ट्रेलिया गए थे और तनख्वाह को लेकर विवाद के कारण वापिस नहीं लौटे। भारतीय टीम ओलंपिक में सारे मैच हारकर 12वें स्थान पर रही थी।
जॉन के आने के बाद हालांकि खिलाड़ियों की फिटनेस में काफी सुधार देखा गया था। समझा जाता है कि जान ने तनख्वाह बढ़ाने की मांग की थी। उन्हें पिछले साल भारतीय खेल प्राधिकरण ने मुख्य कोच माइकल नॉब्स की सिफारिश पर नियुक्त किया था। सूत्रों के अनुसार उन्हें करीब 5500 डॉलर प्रतिमाह दिए जा रहे थे, जो उन्हें नाकाफी लगे। इस बीच हॉकी इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के जेसन कोंरेथ को नया ट्रेनर नियुक्त कर लिया है।