जापान में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में शुक्रवार को आयोजकों से बड़ी चूक हो गई। पुरुष हॉकी के दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश के मैच से पहले दक्षिण कोरिया की जगह उत्तर कोरिया का राष्ट्रगान बजा दिया गया। यह घटना गिफू प्रीफेक्चुरल ग्रीन स्टेडियम में हुई, जो नागोया से करीब 30 किलोमीटर दूर है। राष्ट्रगान बजते ही दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी हैरान नजर आए। कुछ खिलाड़ियों ने अपने सिर पर हाथ रखकर प्रतिक्रिया दी। बाद में आयोजकों ने गलती को सुधारा और बांग्लादेश के राष्ट्रगान के बाद दक्षिण कोरिया का सही राष्ट्रगान बजाया।
दक्षिण कोरिया ने दर्ज कराई शिकायत
इस गलती के बाद मैच में भी देरी हुई। रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रगान पूरा होने से पहले ही रेफरी ने खिलाड़ियों को हाथ मिलाने और मैच के लिए तैयार होने का निर्देश दे दिया था। दक्षिण कोरिया की कोरियन स्पोर्ट्स एंड ओलंपिक कमेटी ने इस मामले में आयोजन समिति के सामने आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई। समिति ने आयोजकों से आधिकारिक माफी मांगने और ऐसी गलती दोबारा नहीं होने की मांग की।
कोच बोले- अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में ऐसा नहीं होना चाहिए
दक्षिण कोरिया के मुख्य कोच मिन ताए-सियोक ने भी इस घटना पर हैरानी जताई। उन्होंने कहा, 'मुझे विश्वास नहीं हो रहा कि किसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में ऐसा कुछ हुआ।' हालांकि, मैदान पर दक्षिण कोरियाई टीम ने इस घटना का असर अपने खेल पर नहीं पड़ने दिया। उसने बांग्लादेश को 5-0 से हराकर पूल ए में अपने अभियान की शुरुआत की। सिम जे-वॉन, ली गैंग-सान, ओ से-योंग, बे सूंग-मिन और यांग जी-हुन ने एक-एक गोल किया।
दक्षिण कोरिया की महिला टीम भी जीती
दक्षिण कोरिया के पुरुषों के साथ उसकी महिला टीम ने भी दिन का अपना पहला मुकाबला जीता। पूल ए के मैच में दक्षिण कोरिया ने चीनी ताइपे को 3-1 से हराया। पुरुष हॉकी के पूल ए में दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश के अलावा गत चैंपियन भारत, मेजबान और 2023 के रजत पदक विजेता जापान, श्रीलंका और इंडोनेशिया शामिल हैं।