फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एशियन चैंपियंस ट्रॉफीः भारत ने कोरिया से ड्रॉ खेला, आज पाक से मुकाबला  

Sun, 23 Oct 2016 01:32 AM IST
टीम डिजिटल / अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
भारत-कोरिया - फोटो : hocky india
विज्ञापन
बेहतर रैंकिंग की भारतीय हॉकी टीम को शनिवार को यहां एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में दक्षिण कोरिया की टीम ने 1-1 से बराबरी पर रोक लिया। विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर मौजूद भारतीय टीम से पांच स्थान नीचे मौजूद कोरिया ने भारतीय रक्षक पंक्ति को लगातार बेचैन रखा। भारतीय गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने कई बचाव किए अन्यथा भारतीय टीम को हार का सामना भी करना पड़ सकता था। पहले ही क्वार्टर में भारतीय टीम एक गोल से पिछड़ गई थी।   
विज्ञापन


दक्षिण कोरिया ने 11 वें मिनट में ही खाता खोल लिया था जब जियोंग जून वू ने सर्किल में तेजी दिखाते हुए गेंद को गोल की दिशा दे दी थी। भारत ने 33वें मिनट में ललित उपाध्याय के रिवर्स ड्राइव से लगाए गोल की मदद से बराबरी कर ली थी। खिताब की दावेदार पूर्व चैंपियन भारतीय टीम के दो मैचों में चार अंक हैं। भारतीय टीम ने पिछले मुकाबले में जापान के खिलाफ 10-2 से बड़ी जीत हासिल की थी लेकिन दूसरे मुकाबले में उसे अंक बांटने को विवश होना पड़ा। अब भारतीय टीम को रविवार को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान की टीम से भिड़ना है। कोरिया की टीम को दूसरे मैच में एक अंक मिला है। पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में उसे अंतिम क्षणों में गोल होने के कारण हार का सामना करना पड़ा था। 

भारतीय टीम ने तीसरे मिनट में पहला जोरदार हमला बोला था जब तलविंदर सिंह ने निकिन थिमैया के क्रास पर प्रयास किया था लेकिन गोलकीपर ने आसानी के साथ रोक लिया। आठवें मिनट में कोरिया के सियो इन वू का निशाना सही नहीं रहा वर्ना जसजीत के गलत पास पर उन्होंने तेजी से गेंद झटक कर जोरदार प्रयास किया था। 
विज्ञापन


 
विज्ञापन

भारत-पाक मैच में हमेशा जज्बात हावी : जुनैद 

भारत-कोरिया - फोटो : hocky india

कुआंतन। पाकिस्तान हॉकी टीम के कोच ख्वाजा जुनैद ने कहा है कि भारत के साथ रविवार को होने वाला मुकाबला काफी रोमांचक होगा जिसमें आक्रामक हॉकी देखने को मिलेगी। जुनैद ने कहा कि चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमों के बीच मुकाबला हमेशा जज्बातों से भरा होता है। इस मुकाबले के देखने के लिए दर्शक भी काफी बेताब रहते हैं। भारत-पाक मैचों ने हॉकी की लोकप्रियता में इजाफा किया है। पाकिस्तान की टीम टूर्नामेंट की दो बार की विजेता है जबकि भारतीय टीम 2011 में एक बार चैंपियन रह चुकी है तब टीम ने पाकिस्तान को हराकर ही खिताब जीता था। पाकिस्तानी कोच ने माना कि उनकी टीम भारतीय टीम के मुकाबले कम अनुभवी है क्योंकि उनको एक साल में बमुश्किल एक ही टूर्नामेंट मिल पाता है। पाकिस्तान ने पिछले साल एंटवर्प में वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल के बाद केवल सुल्तान अजलान शाह कप खेला है। पाकिस्तान की टीम ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई नहीं कर पाई थी। उधर भारतीय कप्तान पी आर श्रीजेश पहले ही अपने खिलाड़ियों से कह चुके हैं कि वह पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले को एक आम मैच की तरह लें। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें