फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hockey Asia Cup: एशिया कप के जरिये विश्व कप में जगह बनाने पर भारतीय हॉकी टीम की नजरें, पहला मैच चीन से

Thu, 28 Aug 2025 03:32 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, राजगीर

सार

भारत और चीन को पूल ए में जापान और कजाखस्तान के साथ रखा गया है जबकि पूल बी में पांच बार की चैंपियन दक्षिण कोरिया, मलेशिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपै हैं।
विज्ञापन
हरमनप्रीत सिंह - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

तीन बार की चैंपियन भारतीय टीम पिछले कुछ अर्से के खराब फॉर्म को भुलाकर पुरूष एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट जीतकर अगले साल होने वाले विश्व कप में जगह बनाने के इरादे से उतरेगी जिसे शुक्रवार को पहले मैच में चीन से खेलना है। भारत और चीन को पूल ए में जापान और कजाखस्तान के साथ रखा गया है जबकि पूल बी में पांच बार की चैंपियन दक्षिण कोरिया, मलेशिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपै हैं।
विज्ञापन


पाकिस्तान ने वापस लिया नाम
कजाखस्तान तीन दशक में पहली बार एशिया कप खेल रही है जिसने ओमान की जगह ली है जबकि बांग्लादेश की जगह पाकिस्तान खेल रहा है। अप्रैल में पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद भारत के आपरेशन सिंदूर के मद्देनजर पाकिस्तान ने सुरक्षा कारणों से नाम वापिस ले लिया। हर पूल की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल खेलेंगी जबकि फाइनल सात सितंबर को होगा। यह टूर्नामेंट अगले साल 14 से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले विश्व कप के लिये क्वालिफाई करने का भारत के पास सर्वश्रेष्ठ और आखिरी मौका है। भारत ने पहला मौका गंवा दिया जब यूरोपीय चरण में खराब प्रदर्शन के बाद वह एफआईएच प्रो लीग में सातवें स्थान पर खिसक गया।

डिफेंस में कोताही पड़ सकती है भारी
भारत ने आठ में से सिर्फ एक मैच जीता और सात मैच लगातार हारे जिससे कोच क्रेग फुल्टोन को एशिया कप में अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम उतारनी पड़ी है। फुल्टोन ने स्वीकार किया कि एशिया कप इस साल का सबसे अहम टूर्नामेंट है। भारत को इस टूर्नामेंट में शीर्ष रैंकिंग मिली है और टीम बेहतरीन प्रदर्शन करके आलोचकों का मुंह बंद करना चाहेगी। इसके लिये कोच फुल्टोन को रक्षण पर फोकस वाली अपनी रणनीति बदलनी होगी जो प्रो लीग में नाकाम रही। भारत ने आठ मैचों में 26 गोल गंवाये और कई बार डिफेंडरों की गलती से हारे। इस टूर्नामेंट में हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम डिफेंस में कोई कोताही नहीं बरत सकती।

भारत की चिंता का सबब पेनल्टी कॉर्नर भी है जिसमें हरमनप्रीत सिंह पर अधिकांश दारोमदार रहता है। उनकी गैर मौजूदगी में अमित रोहिदास, जुगराज सिंह और संजय अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर सके हैं। प्रो लीग के यूरोप चरण में गोलकीपिंग भी चिंताजनक रही। पी आर श्रीजेश के संन्यास के बाद कृशन बहादुर पाठक और सूरज करकेरा दबाव में दिखे हैं। पाठक हवा में आती गेंद पर काबू नहीं कर पाये हैं और करकेरा दबाव झेलने में नाकाम रहे हैं। भारत ने 2023 एशियाई खेलों और 2024 एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में 14 मैचों में 94 गोल किये। लेकिन टीम को आत्ममुग्धता से बचना होगा क्योंकि 2022 एशिया कप में उसे कांसे से संतोष करना पड़ा था।

चीन से सामना
भारत को शुक्रवार को चीन से खेलना है जो विश्व रैंकिंग में 23वें स्थान पर है लेकिन उसे हलके में नहीं लिया जा सकता। चीन की टीम जवाबी हमलों में माहिर है और 2009 में मलयेशिया में हुए एशिया कप में तीसरे स्थान पर रही थी। चीन अभी तक सिर्फ एक बार 2008 में मेजबान होने के नाते ओलंपिक खेला था लेकिन 11वें स्थान पर रहा था । वहीं 2018 विश्व कप में चीन की टीम 10वें स्थान पर रही थी। चीन की टीम में अधिकांश खिलाड़ी मंगोलिया के हैं जो बरसों से हॉकी से मिलता जुलता बेइकू खेलते आ रहे हैं। पहले दिन अन्य मैचों में मलेशिया का सामना बांग्लादेश से और दक्षिण कोरिया की टीम चीनी ताइपै से होगी। इसके बाद जापान और कजाखस्तान का मुकाबला होगा।

भारतीय टीम 
गोलकीपर :
सूरज करकेरा, कृशन बी पाठक।
डिफेंडर : हरमनप्रीत सिंह (कप्तान) , अमित रोहिदास, जरमनप्रीत सिंह, सुमित, संजय और जुगराज सिंह।
मिडफील्डर : मनप्रीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद, राजिंदर, राज कुमार पाल और हार्दिक सिंह।
फॉरवर्ड : मनदीप सिंह, अभिषेक, सुखजीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा और दिलप्रीत सिंह।

चीन की टीम
चेन चोंगकोंग (कप्तान), ओ शू, चेन किजुन, गाओ जीशेंग, चेन चेंगफू, मेंग युआनफेंग, ली पेंगफेइ, लू युआंलिन, मेंग दिलहाओ, शू जीबिन, दू शिंहाओ, झांग शियाओजिया, ओ शुझू, मेंग नान, लिन चांगलियांग, गुओ शियाओलोंग, वांग वेइहाओ, वांग केइयू, ओ यांग, चेन बेनहाइ।
विज्ञापन

हॉकी एशिया कप 2025 का पूरा कार्यक्रम

दिनांक मैच ग्रुप समय
29 अगस्त मलयेशिया बनाम बांग्लादेश बी सुबह 9:00 बजे
29 अगस्त दक्षिण कोरिया बनाम चीनी ताइपे बी सुबह 11:00 बजे
29 अगस्त जापान बनाम कजाखस्तान दोपहर 1:00 बजे
29 अगस्त भारत बनाम चीन दोपहर 3:00 बजे
30 अगस्त बांग्लादेश बनाम चीनी ताइपे बी दोपहर 1:00 बजे
30 अगस्त दक्षिण कोरिया बनाम मलयेशिया बी दोपहर 3:00 बजे
31 अगस्त चीन बनाम कजाखस्तान दोपहर 1:00 बजे
31 अगस्त जापान बनाम भारत दोपहर 3:00 बजे
1 सितंबर बांग्लादेश बनाम दक्षिण कोरिया बी दोपहर 1:30 बजे
1 सितंबर मलयेशिया बनाम चीनी ताइपे बी दोपहर 3:30 बजे
1 सितंबर चीन बनाम जापान शाम 5:30 बजे
1 सितंबर भारत बनाम कजाखस्तान शाम 7:30 बजे
3 सितंबर एम13: पूल ए की 3rd टीम बनाम पूल बी की 4th टीम (5/8वां स्थान) वर्गीकरण दोपहर 2:30 बजे
3 सितंबर तय होना बाकी बनाम तय होना बाकी सुपर 4s पूल शाम 5:00 बजे
3 सितंबर तय होना बाकी बनाम तय होना बाकी सुपर 4s पूल शाम 7:30 बजे
4 सितंबर एम16: पूल बी की 3rd टीम बनाम पूल ए की 4th टीम (5/8वां स्थान) वर्गीकरण दोपहर 2:30 बजे
4 सितंबर तय होना बाकी बनाम तय होना बाकी सुपर 4s पूल शाम 5:00 बजे
4 सितंबर तय होना बाकी बनाम तय होना बाकी सुपर 4s पूल शाम 7:30 बजे
6 सितंबर एम13 की हारी हुई टीम बनाम एम16 की हारी हुई टीम (7/8वां स्थान) वर्गीकरण दोपहर 2:30 बजे
6 सितंबर तय होना बाकी बनाम तय होना बाकी सुपर 4s पूल शाम 5:00 बजे
6 सितंबर तय होना बाकी बनाम तय होना बाकी सुपर 4s पूल शाम 7:30 बजे
7 सितंबर एम13 की जीती हुई टीम बनाम एम16 की जीती हुई टीम (5/6वां स्थान) वर्गीकरण दोपहर 2:30 बजे
7 सितंबर सुपर4s की 3rd टीम बनाम सुपर4s की 4th टीम (3/4वां स्थान) वर्गीकरण शाम 5:00 बजे
7 सितंबर सुपर4s की 1st टीम बनाम सुपर4s की 2nd टीम फ़ाइनल शाम 7:30 बजे
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें