भारत की बेटी और ओलम्पिक्स में क्वालीफाई करने वाली देश की पहली महिला जिमनास्ट दीपा करमाकर का आज जन्मदिन है। दीपा इन दिनों रियो ओलम्पिक्स में देश के लिए मेडल पक्का करने के इरादे से मैदान में उतरी हैं।
एक दिन पहले ही उनके पिता ने इस बात की उम्मीद जताई थी कि जन्मदिन के दिन अगर दीपा देश के लिए कोई मेडल जीतने में कामयाब रहती है तो यह उसके जीवन का सबसे यादगार दिन बन जाएगा। रियो में प्रदर्शन कर रही दीपा के लिए आज का दिन काफी अहम है और देश को उनसे काफी उम्मीदें भी हैं। तो आइए जानते हैं इन दिनों मीडिया में सुर्खियां बटोर रही दीपा करमाकर कौन हैं और कैसा रहा है उनका खेल कैरियर।
23 साल की दीपा का जीवन काफी संघर्षपूर्ण रहा है, लेकिन पक्के इरादों के साथ मैदान में उतरी दीपा ने कभी भी खुद को या अपने माता-पिता को निराश नहीं किया है। दीपा ने 2014 में पहली बार मेडल जीतकर अपने गौरवशाली करियर की शुरुआत की।
कामनवेल्थ गेम्स में किया था दमदार प्रदर्शन
रियो में प्रदर्शन करती दीपा करमाकर
- फोटो : PTI
जब ओलंपिक में क्वालीफाई करने के लिए प्रतियोगिता चल रही थी तो उसमें कुल 34 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था जिसमें से एक दीपा भी थी। दीपा ने उस सूची में 15 स्थान हासिल करने में कामयाबी हासिल की थी। इसका मतलब यह हुआ कि उन्होंने आधे से ज्यादा प्रतियोगियों को पीछे छोड़ दिया था।
दीपा ऐसी पहली भारतीय महिला जिमनास्ट हैं जिन्होंने 2014 में ग्लासगो में हुए कामनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक हासिल कर देश का नाम रोशन किया था। इसके बाद उन्होंने जापान के हिरोशिमा में हुए एशियन चैंपियनशिप में भी कांस्य पदक हासिल कर इतिहास रचा था।
रियो ओलंपिक में क्वालीफाई करने के लिए दीपा ने फाइनल टेस्ट में दमदार प्रदर्शन किया था। क्वालीफाइंग इवेंट में उनके दमदार प्रदर्शन के दम पर ही उन्हें रियो ओलंपिक्स का हिस्सा बनने का टिकट मिला। रियो ओलम्पिक्स में भी दीपा का दमदार प्रदर्शन जारी है और इसी की बदौलत वह फाइनल्स में क्वालीफाई करने में कामयाब रही हैं।