हाल ही में रॉयल ट्रॉफी जीतने वाली एशियाई टीम के सदस्य रहे जीव मिल्खा सिंह शुक्रवार से यहां के नोएडा गोल्फ कोर्स में शुरू होने वाले शुभकामना चैंपियंस गोल्फ में अपना जलवा बिखेरेंगे। 21 से 23 दिसंबर तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में जीव के अलावा डेनियल चोपड़ा, राहिल गंगजी और अर्जुन अटवाल जैसे दिग्गज भी खेलेंगे।
डेनियल और अटवाल दो साल के बाद भारत में कोई टूर्नामेंट खेलने उतरेंगे। कुल 60 लाख रुपये की इनामी राशि वाले इस टूर्नामेंट में विजेता को 10 लाख 80 हजार रुपये की इनामी राशि दी जाएगी। कुल 54 होल वाले इस टूर्नामेंट में 30 खिलाड़ी शिरकत करेंगे।