फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CWG 2026: क्या भारत का गलत नक्शा दिखाना पड़ा भारी? लवलीना की आपत्ति के बाद ग्लास्गो के रेस्तरां ने लिया U-टर्न

Mon, 03 Aug 2026 08:49 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, ग्लास्गो

सार

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के दौरान भारतीय मुक्केबाज लवलीना बोर्गोहेन ने ग्लासगो के एक भारतीय रेस्टोरेंट में इस्तेमाल किए गए भारत के गलत नक्शे पर आपत्ति जताई। वीडियो वायरल होने के बाद रेस्टोरेंट ने सार्वजनिक माफी मांगी, लोगो बदलने का ऐलान किया और कुछ ही देर बाद उसका इंस्टाग्राम अकाउंट भी हट गया।
विज्ञापन
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के दौरान भारतीय महिला मुक्केबाज लवलीना बोर्गोहेन के एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर बड़ी बहस छेड़ दी। भारतीय मुक्केबाजी दल की मेजबानी कर रहे ग्लासगो स्थित भारतीय रेस्तरां 'मिस्टर सिंह्स इंडिया: द होम ऑफ करी' के नैपकिन और लोगो पर भारत का अधूरा नक्शा दिखने पर लवलीना ने आपत्ति जताई। इसके बाद रेस्तरां ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी, अपना लोगो बदलने की घोषणा की और कुछ ही समय बाद उसका इंस्टाग्राम अकाउंट भी डिलीट हो गया।
विज्ञापन


10 पदक जीतने के बाद रेस्तरां पहुंची थी भारतीय टीम
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 10 पदक जीते, जिनमें सात स्वर्ण और तीन रजत पदक शामिल रहे। इस ऐतिहासिक सफलता के बाद पूरी टीम ग्लासगो के प्रसिद्ध भारतीय रेस्तरां में डिनर के लिए पहुंची थी। इसी दौरान लवलीना की नजर नैपकिन पर छपे भारत के नक्शे पर गई, जिसमें पूर्वोत्तर भारत का हिस्सा नहीं दिखाया गया था।

लवलीना ने जताई नाराजगी
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लवलीना ने रेस्तरां प्रबंधन से शांत लेकिन स्पष्ट शब्दों में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, 'कृपया मेरी बात का गलत मतलब मत निकालिए। मुझे यह देखकर दुख हुआ कि भारत के नक्शे में हमारा पूर्वोत्तर हिस्सा नहीं है। बाहर लगे नक्शे में भी यही गलती है। मैं पूर्वोत्तर भारत से आती हूं और यह हमें बहुत आहत करता है। अगली बार कृपया इस बात का ध्यान रखिए। धन्यवाद।' उनका यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने रेस्टोरेंट की आलोचना की और सही नक्शा इस्तेमाल करने की मांग की।

लवलीना के बाद भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) के अध्यक्ष अजय सिंह ने भी रेस्तरां द्वारा इस्तेमाल किए गए नक्शे पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नैपकिन पर केवल पूर्वोत्तर ही नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर का भी अधूरा चित्रण किया गया है। उन्होंने रेस्तरां प्रबंधन से अपील करते हुए कहा, 'सिर्फ नॉर्थ ईस्ट नहीं, इसमें कश्मीर भी पूरा नहीं है। गलत नक्शे वाले सभी नैपकिन तुरंत हटाए जाएं और उनकी जगह भारत की संपूर्ण भौगोलिक सीमा को सही ढंग से दर्शाने वाले नक्शे का इस्तेमाल किया जाए।'

रेस्तरां ने मांगी माफी, लोगो बदलने का किया एलान
विवाद बढ़ने के बाद रेस्तरां ने आधिकारिक बयान जारी कर बिना किसी शर्त के माफी मांगी। प्रबंधन ने कहा, 'हम अपने भारतीय मूल और विरासत पर गर्व करते हैं। सबसे पहले हम भारत का गलत नक्शा दिखाने के लिए बिना किसी शर्त के माफी मांगते हैं। इसे तुरंत ठीक करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। हमारा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था।'

रेस्तरां ने आगे कहा, हम सही नक्शे के साथ अपना लोगो बदलेंगे। भारतीय टीम की मेजबानी करना हमारे लिए सम्मान की बात थी। खिलाड़ियों और मेहमानों ने शाम का भरपूर आनंद लिया और ये यादें हमेशा हमारे साथ रहेंगी।'
विज्ञापन

माफी के बाद इंस्टाग्राम अकाउंट भी हुआ गायब
रेस्तरां की ओर से माफी जारी किए जाने के कुछ ही समय बाद उसका आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट भी डिलीट कर दिया गया। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अकाउंट स्थायी रूप से हटाया गया है या अस्थायी रूप से निष्क्रिय किया गया है। सोशल मीडिया पर इस घटनाक्रम को लेकर चर्चा लगातार जारी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें