भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानंद को ग्रैंड चेस टूर (जीसीटी) के ग्रैंड फिनाले के पहले क्लासिकल मुकाबले में अमेरिका के शीर्ष खिलाड़ी फैबियानो कारुआना के हाथों हार का सामना करना पड़ा। प्रज्ञानंद को 48 चालों तक चले मुकाबले में कोई खास मौका नहीं मिला और कारुआना ने शानदार रणनीति के साथ बाजी अपने नाम कर ली।
कारुआना ने जटिल इटालियन ओपनिंग से शुरुआत करते हुए धीरे-धीरे प्रज्ञानंद पर दबाव बनाया। भारतीय खिलाड़ी पूरे मुकाबले में अपनी लय में नजर नहीं आए और कारुआना ने छोटे-छोटे फायदों को बढ़ाते हुए स्थिति को अपने पक्ष में कर लिया। एंडगेम में कारुआना की स्थिति काफी मजबूत हो गई। प्रज्ञानंद का राजा बचाव से दूर था, जिसका अमेरिकी खिलाड़ी ने पूरा फायदा उठाया। इसके बाद भारतीय ग्रैंडमास्टर के लिए वापसी करना मुश्किल हो गया और अंततः उन्हें हार स्वीकार करनी पड़ी।
कारुआना को मिली बड़ी बढ़त
ग्रैंड फिनाले में क्लासिकल गेम की जीत के लिए छह अंक दिए जा रहे हैं। ऐसे में पहले ही मुकाबले में जीत दर्ज करके कारुआना ने प्रज्ञानंद के खिलाफ महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली है। दुनिया के मौजूदा नंबर तीन खिलाड़ी कारुआना के सामने अब प्रज्ञानंद की चुनौती यह होगी कि वह अगले क्लासिकल मुकाबले में वापसी करें और अंतर कम करें।
आगे कैसे होगा मुकाबला?
दो क्लासिकल मुकाबलों के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच दो रैपिड गेम खेले जाएंगे, जिनमें प्रत्येक जीत के लिए चार अंक मिलेंगे। इसके बाद चार ब्लिट्ज गेम होंगे और हर जीत पर दो अंक दिए जाएंगे।
तीसरे स्थान के मुकाबले में ड्रॉ
तीसरे स्थान की लड़ाई में जर्मनी के विंसेंट कीमर और अमेरिका के वेस्ली सो के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा। दोनों खिलाड़ियों को तीन-तीन अंक मिले। यह मुकाबला 4,50,000 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि वाले ग्रैंड फिनाले का हिस्सा है।