इंडियन एफ-1 ग्रां प्री के पिछले संस्करण में फरारी ने इटली के दो नाविकों को गिरफ्तार किए जाने के विरोध में अपनी कार पर इतालावी सेना का झंडा लगाकर विवादों को हवा दी थी।
लेकिन इस बार कार की नोज का इस्तेमाल एक महान खिलाड़ी को बेहतरीन तोहफा दिए जाने के लिए किया जा रहा है।
हालांकि यह टीम फरारी नहीं, बल्कि सहारा फोर्स इंडिया है और यह अनोखा उपहार पाने वाले कोई और नहीं, एफ-1 के प्रशंसक और महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर हैं।
तेंदुलकर अगले महीने वेस्ट इंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलकर अपने 24 साल के बेमिसाल अंतरराष्ट्रीय करियर का समापन करेंगे। वह सीरीज के अपने अंतिम मैच में खेलकर टेस्ट करियर का 200वां मैच खेलने का कारनामा करेंगे।
वह 200 टेस्ट मैच खेलने वाले दुनिया के एकमात्र क्रिकेटर होंगे।
सहारा फोर्स इंडिया के टीम प्रिंसिपल विजय माल्या ने बीआईसी पर दौड़ने वाली अपनी कार की नोज पर #मास्टर ब्लास्टर लिखवाया है।
अपनी टीम के साथ इस बार बिना विवादों के बीआईसी पर पहुंचे माल्या ने कहा, "भारत में क्रिकेट एक धर्म की तरह है। फिर सचिन तेंदुलकर इस खेल के महानायक हैं। वह 200वां टेस्ट मैच खेलने के बाद सन्यास ले रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "टीम की कार पर मास्टर ब्लास्टर लिखाकर ट्विटर पर उन्हें बधाई संदेश दिलवाने से अच्छा तोहफा उन्हें और कोई नहीं समझ में आया। फार्स इंडिया ने तो तेंदुलकर को इस रेस के लिए आमंत्रित भी कर रखा है।"
लेकिन वह इस वक्त लाहली में हरियाणा के खिलाफ मुंबई के लिए रणजी ट्राफी मैच खेलने आए हुए हैं। तेंदुलकर की शान में लुइस हैमिल्टन, निको रोजबर्ग, मार्क वेबर जैसे एफ-वन रेसर कसीदे कढ़ चुके हैं।